केरल में शनिवार को भारी बारिश से राज्य के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। घंटों तक मूसलाधार बारिश के बाद हालात इतने खराब हो गए कि कम से कम 4 लोगों की मौत हो गई तो 12 लापता हैं। चिंतित राज्य सरकार ने राहत और बचाव कार्य के लिए सेना और एयर फोर्स से मदद मांगी है।
कोट्टयम में हुए भूस्खलन में 12 लोग लापता हो गए हैं तो इडुक्की में कार से सफर कर रहे लोग पानी में बह गए। बाद में इनका शव बरामद हुआ। दोनों की अभी पहचान नहीं हुई है। पथानामथिट्टा और कोट्टायम में भी दो लोगों की मौत हुई है। मौसम विभाग ने छह जिलों कोट्टायम, पथानामथिट्टा, त्रिशूर, एर्नाकुलम, इडुक्की और पलक्कड़ के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
#WATCH Waterlogged street in Kanjirappally, Kottayam district as the area continues to receive heavy rainfall
IMD has issued a Red alert in Pathanamthitta, Kottayam, Ernakulam, Idukki and Thrissur districts of Kerala pic.twitter.com/LocqwW3CfL
— ANI (@ANI) October 16, 2021
इनमें से कई जिलों में शुक्रवार रात से भारी बारिश हो रही है और आसपास के कई बांध भी भर गए हैं और दबाव कम करने के लिए उनमें से कुछ के फाटक खोल दिए गए हैं। कोट्टायम के कुछ इलाकों में पिछले 24 घंटों में 30 सेंटीमीटर बारिश हुई है। मौसम विभाग ने कहा है कि कुछ क्षेत्रों में तेज हवाएं भी चलेंगी।
कोट्टायम जिले के कूटिकल में हुए भूस्खलन में 3 घर ध्वस्त हो गए और अपुष्ट रिपोर्टों में कहा गया है कि 6 शव निकाले गए हैं, लेकिन जिला प्रशासन ने इसकी पुष्टि नहीं की है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक 12 लोग लापता हैं। जिला प्रशासन ने सेना से मदद मांगी है। नाम गोपनीय रखने की अपील करते हुए जिला प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मृतकों की संख्या अभी बढ़ सकती है।







