अगर कोटक महिंद्रा बैंक के ग्राहक हैं तो ये खबर आपके लिए है। बैंक के मोबाइल ऐप पर भी नेशनल पेंशन सिस्टम (एनपीएस) को लॉन्च कर दिया गया है। इसका मतलब ये हुआ कि ग्राहक अब बैंक के मोबाइल बैंकिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपने एनपीएस खाते खोल और संचालित कर सकते हैं।
कौन से डॉक्युमेंट होंगे जरूरी: कोटक मोबाइल बैंकिंग ऐप के जरिए एनपीएस खाता खोलने के लिए ग्राहक को केवल पैन कार्ड की एक कॉपी और तस्वीर अपलोड करनी होगी। प्रक्रिया पूरी तरह से पेपरलेस है। इसके बाद कुछ ही क्लिक में एनपीएस अकाउंट खोला जा सकता है। बैंक ने बताया कि वेरिफिकेशन के बाद एनपीएस खाता एक दिन के भीतर एक्टिव हो जाएगा।
मौजूदा एनपीएस ग्राहक कोटक मोबाइल बैंकिंग ऐप के माध्यम से अतिरिक्त योगदान कर सकते हैं और साथ ही कुल निवेशित राशि, कुल लाभ या हानि और रिटर्न सहित अपने खाते के अन्य विवरण देख सकते हैं।
पेंशन निधि प्रबंधक बनाने को मंजूरी: इस बीच, पेंशन नियामक पीएफआरडीए ने बताया है कि टाटा एसेट मैनेजमेंट और मैक्स लाइफ इंश्योरेंस कंपनी को पेंशन निधि प्रबंधक बनाने के लिए हाल ही में मंजूरी दी गयी है। इस समय एलआईसी पेंशन फंड लिमिटेड, एसबीआई पेंशन फंड्स प्राइवेट लिमिटेड और यूटीआई रिटायरमेंट सॉल्यूशंस लिमिटेड सहित सात पेंशन निधि प्रबंधक हैं।
एक झटके में बंपर कमाई, 7 दिन के भीतर तीन गुना हो गया पैसा
ये तीनों सरकारी क्षेत्र की कंपनियां हैं। इन तीनों के अलावा पेंशन निधि प्रबंधकों में एचडीएफसी पेंशन मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल पेंशन फंड मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड, कोटक महिंद्रा पेंशन फंड लिमिटेड और आदित्य बिड़ला सन लाइफ पेंशन मैनेजमेंट लिमिटेड शामिल हैं।







