कोटक महिंद्रा बैंक ने एयरटेल पेमेंट बैंक (एपीबीएल) में अपनी 8.57 फीसदी हिस्सेदारी बेचने का ऐलान किया है। इस खबर के बीच, शेयर बाजार में कोटक बैंक के स्टॉक में जबरदस्त खरीदारी देखने को मिली।
ये है डील की डिटेल: कोटक महिंद्रा बैंक ने बताया कि वह एयरटेल पेमेंट बैंक (एपीबीएल) के 20 करोड़ शेयर भारती एंटरप्राइजेज लिमिटेड को नकद 294 करोड़ रुपए या उससे अधिक में बेचेगा। एपीबीएल में कोटक महिंद्रा बैंक लिमिटेड द्वारा रखे गए 20 करोड़ इक्विटी शेयरों (8.57 प्रतिशत हिस्सेदारी) के विनिवेश के लिए बैंक द्वारा एक शेयर खरीद समझौता किया गया है।
कोटक बैंक ने शेयर बाजार को बताया कि इन शेयरों को वर्ष 2016 और 2017 के दौरान किश्तों में 200 करोड़ रुपये के निवेश के जरिए हासिल किया गया था। यह बिक्री 15 सितंबर या उससे पहले पूरी होने की उम्मीद है। बता दें कि एपीबीएल ने 23 नवंबर 2016 से भुगतान बैंक के रूप में अपना परिचालन शुरू किया था। कंपनी का कारोबार वित्त वर्ष 2019-20 में 627.19 करोड़ रुपये था।
मुकेश अंबानी से दो कदम पीछे गौतम अडानी, इस विदेशी अरबपति से आगे निकलने की है चुनौती
निवेशक मालामाल: इस खबर के बीच, कोटक महिंद्रा बैंक के स्टॉक में एक फीसदी से ज्यादा तेजी देखने को मिली। कोटक महिंद्रा बैंक का स्टॉक प्राइस 1750 रुपए से ज्यादा पर कारोबार कर रहा है। वहीं, एयरटेल के स्टॉक में भी तेजी आई है। एयरटेल का स्टॉक प्राइस 2 फीसदी से ज्यादा तेजी के साथ 635 रुपए के भाव पर है।







