पूरे देश में कोरोना वायरस के मामलों में हर दिन रिकॉर्ड इजाफा हो रहा है और अब यह आंकड़ा 90 हजार पार कर गया है। इस बीच अपनी जनता को लेकर अलग-अलग राज्य भी खासा सतर्क होते दिख रहे हैं। इस कड़ी में जम्मू कश्मीर में नया आदेश जारी हुआ है।
बढ़ते कोविड-19 मामलों के मद्देनजर, जम्मू-कश्मीर में 5 अप्रैल से 18 अप्रैल तक सभी स्कूलों में कक्षा 9 तक की सभी कक्षाएं दो सप्ताह के लिए बंद रहेंगी। जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल के कार्यालय ने ये आदेश दिया है। इसके अलावा कक्षा 10, 11 और 12 के लिए भी 5 अप्रैल से 11 अप्रैल तक एक सप्ताह के लिए स्कूल बंद रहेंगे। इधर, भीड़ के चलते कोरोना का रिस्क कम करने के लिए सामाजिक कार्यक्रमों और ईवेंट्स के लिए लोगों की अधिकतम संख्या को 200 लोगों तक ही सीमित रखा जाएगा।
Classes 10, 11 & 12 will also be closed for one week in all schools from 5th April till 11th April in J&K. All gatherings for social and customary functions will be restricted to 200 people only: Office of LG, J&K
— ANI (@ANI) April 4, 2021
भारत में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस के 93 हजार से अधिक मामले सामने आए हैं और 513 से अधिक लोगों की मौतें हुईं हैं। मध्य सितंबर के बाद से कोरोना के ये आंकड़े सबसे अधिक हैं। कोरोना केस के दैनिक मामलों में आज भी शनिवार की तुलना में बड़ा इजाफा है। हालांकि, राहत की बात है कि मरने वालों की संख्या बीते दिन की तुलना में काफी कम है। शनिवार को 741 लोगों की कोरोना से मौत हुई थी।
पीएम मोदी कर रहे उच्च-स्तरीय बैठक
देश में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रधानमंत्री मोदी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्च-स्तरीय बैठक कर रहे हैं। इस बैठक में कोविड-19 से संबंधित मुद्दों और वैक्सीनेशन अभियान की समीक्षा की जाएगी। इस बैठक में कैबिनेट सचिव, प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव, स्वास्थ्य सचिव और डॉक्टर विनोद पॉल शामिल हैं।







