दिल्ली सरकार ने कोरोना (COVID-19) मरीजों की सुविधा के लिए गुरुवार को जीवन सेवा ऐप (Jeevan Seva App) लॉन्च किया है। इस अवसर पर दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया कि होम आइसोलेशन में रह रहे कोरोना संक्रमित मरीज अस्पताल आने-जाने के लिए इलेक्ट्रिक एंबुलेंस सेवा का इस्तेमाल कर सकेंगे।
सत्येंद्र जैन ने कहा कि मरीजों को बस इस ऐप से गाड़ी बुक करनी होगी और फिर उनके पास एक ई-वाहन आएगा (जो मुफ्त में होगा) जो उन्हें अस्पताल पहुंचा देगा।
Delhi Government has launched the Jeevan Seva app to facilitate Delhi citizens in home isolation. This will facilitate hassle-free transport to and from hospitals and COVID centers free of cost.
Download Here https://t.co/CZI00TPIuI pic.twitter.com/mDFkw0e2Qs
— Satyendar Jain (@SatyendarJain) November 12, 2020
दिल्ली में रोज नए रिकॉर्ड बना रहा कोरोना
दिल्ली में कोरोना वायरस (कोविड-19) की तीसरी लहर लगातार भयावह होती जा रही है और बुधवार को इसके संक्रमण के रिकॉर्ड 8,593 नए मामले दर्ज किए गए जिससे संक्रमितों की संख्या 4.60 लाख के करीब पहुंच गई। इससे पहले मंगलवार को अब तक के सर्वाधिक 7,830 मामले सामने आए थे।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी आंकड़ों के अनुसार, राजधानी में कोरोना के सर्वाधिक नए मामले सामने आने के साथ ही संक्रमितों की संख्या 4,59,975 हो गई। नए मामलों में वृद्धि के बीच कोरोना से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या भी निरंतर बढ़ रही है। इस दौरान 7,264 और मरीजों के स्वस्थ होने के बाद अब तक कुल 4,10,118 लोग कोरोना वायरस को मात दे चुके हैं। इसके साथ ही, कोरोना मरीजों के स्वस्थ होने की दर 89.16 प्रतिशत पर आ गई। इसी अवधि में कोरोना संक्रमण से रिकॉर्ड 85 और मरीजों की मौत होने से इस महामारी से मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 7,228 हो गई है। इससे पहले मंगलवार को भी सर्वाधिक 83 कोरोना मरीजों की मौत हो गई थी।
चिंता की बात यह है कि नए मामलों की तुलना में स्वस्थ लोगों की संख्या कम होने से सक्रिय मामलों में वृद्धि दर्ज की गई है। राजधानी में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर बुधवार को 42,629 पहुंच गई।
गौरतलब है कि राजधानी में नवंबर की शुरुआत से ही प्रत्येक दिन कोरोना संक्रमण के पांच हजार से अधिक नए मामले सामने आ रहे हैं। दिल्ली में कंटेनमेंट जोन की संख्या में भी लगातार इजाफा हो रहा है और यह संख्या चार हजार को पार कर 4016 हो गई है।







