Suryakumar Yadav and Prithvi Shaw will go to England: विराट कोहली की अगुवाई में इंग्लैंड दौरे पर गई टीम इंडिया खिलाड़ियों के चोटिल होने से परेशान है. पहले सलामी बल्लेबाज़ शुभमन गिल चोटिल हुए और फिर वॉशिंगटन सुंदर को भी उंगली में चोट लग गई. ऐसे में अब इन खिलाड़ियों के रिप्लेसमेंट के तौर पर शानदार फॉर्म में चल रहे सलामी बल्लेबाज़ पृथ्वी शॉ और मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज़ सूर्यकुमार यादव को इंग्लैंड बुलाया गया है.  

दरअसल, भारतीय टीम प्रबंधन ने तीन खिलाड़ियों के चोटिल होने के बाद सब्सटीट्यूट खिलाड़ियों की मांग की थी. शुभमन गिल, वाशिंगटन सुंदर और आवेश खान को चोट के कारण मौजूदा दौरे से बाहर होना पड़ा है. 

शुभमन को न्यूजीलैंड के खिलाफ विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल के दौरान घुटने के नीचे पैर के आगले हिस्से में चोट लगी थी जबकि आवेश खान का काउंटी एकादश के खिलाफ अभ्यास मैच के दौरान अंगूठा डिस्लोकेट हो गया और वाशिंगटन की उंगली की चोट भी बढ़ गई. 

ऑफ स्पिनर जयंत यादव को भी वाशिंगटन की जगह लेने के लिये ब्रिटेन जाना था, लेकिन पता चला है कि अभी सिर्फ सूर्यकुमार और पृथ्वी को ही भेजा जायेगा. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है. 

उन्होंने कहा, “हां, पृथ्वी और सूर्य श्रीलंका से ब्रिटेन जा रहे हैं. जयंत को भी जाना था, लेकिन क्वारंटीन जरूरतों के कारण प्लान में कुछ बदलाव हुआ है. जयंत अब नहीं जा रहे हैं. दोनों खिलाड़ी कोलंबो से लंदन में ‘बायो बबल’ से ‘बायो बबल’ में जायेंगे. ये टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के बीच में रवाना होंगे. पृथ्वी और सूर्य अभी श्रीलंका में टीम का हिस्सा हैं. हालांकि, यह अभी तय नहीं हुआ है कि ये दोनों सीरीज़ के बीच में या फिर इसके बाद इंग्लैंड के लिए रवाना होंगे. यह जल्द तय किया जायेगा.”

चार अगस्त से शुरू होगी भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज़

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज़ चार अगस्त से शुरू होनी है. ऐसे में अगर श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज़ के बाद पृथ्वी शॉ और सूर्यकुमार यादव इंग्लैंड के लिए रवाना होते हैं, तो उनका पहले टेस्ट में खेलना मुश्किल होगा. हालांकि, दोनों की फॉर्म को देखते हुए यह तय माना जा रहा है कि सीरीज़ में दोनों ही खिलाड़ियों को खेलने का मौका मिल सकता है. 



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here