पंजाब कांग्रेस का पंगा अब खत्म होता नजर आ रहा है। मंगलवार को नवजोत सिंह सिद्धू और मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के बीच बैठक के दौरान केमिस्ट्री देखने को मिली, उससे लग रहा है कि पंजाब कांग्रेस में अब सब ऑल इज वेल है। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने मंगलवार को कहा कि वे साथ मिलकर काम करेंगे और अगला चुनाव साथ मिलकर लड़ेंगे। कुछ नियुक्तियों को लेकर दोनों नेताओं के बीच कुछ असहमति थी। यह जानकारी पार्टी विधायकों से मिली।

चुनावी रणनीति पर चर्चा के लिए मंगलवार शाम बुलाई गई पार्टी विधायकों और अन्य वरिष्ठ नेताओं की बैठक में दोनों एक-दूसरे से मिले। यह बैठक ऐसे दिन आहूत की गई जब राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस से इस्तीफा देकर अपनी राजनीतिक पार्टी के नाम की घोषणा की। बैठक के दौरान दोनों नेता एकजुट दिखे।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पंजाब मामलों के प्रभारी हरिश चौधरी भी बैठक में मौजूद थे। इस बैठक में पार्टी ने यह दिखाने का प्रयास किया कि चन्नी और सिद्धू के बीच कोई मतभेद नहीं है और पार्टी एकजुट होकर चुनाव लड़ेगी। बैठक के बाद सिद्धू ने पत्रकारों से कहा, ‘ऑल इज वेल (सब कुछ ठीक है)।’ इससे पहले दिन में सिद्धू, चन्नी और चौधरी केदारनाथ मंदिर में पूजा अर्चना करने उत्तराखंड गए थे।

चन्नी, सिद्धू ने केदारनाथ के दर्शन एवं पूजन किया
पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने मंगलवार को केदारनाथ के दर्शन किए और पूजा अर्चना की। पंजाब से अन्य नेताओं के साथ केदारनाथ पहुंचे चन्नी और सिद्धू ने बाबा केदारनाथ के दर्शन किये और पूजा अर्चना कर उनका आशीर्वाद लिया। केदारनाथ जाने से पहले चन्नी, सिद्धू तथा अन्य नेताओ ने पार्टी के पंजाब मामलों के पूर्व प्रभारी हरीश रावत के देहरादून स्थि​त आवास पर जाकर उनसे मुलाकात भी की। 

बाद में रावत ने संवाददाताओं द्वारा इस मुलाकात के बारे में पूछे जाने पर कहा कि पंजाब कांग्रेस में सब कुछ ठीक है और वहां विधानसभा चुनावों में कांग्रेस जीतेगी। उन्होंने कहा, ‘अब तो सारी दुनिया देख रही है और मैंने पहले ही कहा था कि पंजाब में ‘आल इज वेल नाउ’। जो चुनौतियां हैं उनका मुकाबला कर रहे हैं ।’ रावत ने कहा कि उन्हें भरोसा है कि यह स्थिति बनी रहेगी और (पंजाब प्रभारी) हरीश चौधरी के मार्गदर्शन में यह स्थिति हमें चुनाव में जीत की ओर ले जाएगी। उन्होंने कहा कि पंजाब में कांग्रेस ही जीतेगी।

संबंधित खबरें



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here