हाइलाइट्स:
- बरेली में खेलते-खेलते सांप निगल गया एक वर्षीय बच्चा, मचा हड़कंप
- बच्चे के मुंह से लटकती सांप की पूछ देखकर मां ने उसे बाहर निकाला
- बाहर निकालने पर सांप मरा हुआ था, तुरंत अस्पताल में बच्चे को कराया गया भर्ती
उत्तर प्रदेश का बरेली जिला, यहां एक बच्चा खेलते-खेलते सांप निगल गया। जब बच्चे की मां ने सांप की पूंछ मुंह में देखी तो उसे पकड़कर बाहर निकाला। जब सांप को बाहर निकाला गया तो वह मरा हुआ था। इस घटना के बाद परिवारवालों ने बच्चे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। इस घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में भी हड़कंप मचा हुआ है।
फतेहगंज पश्मिची थाना क्षेत्र के भोलापुर निवासी धर्मपाल का एक वर्षीय बेटा घर में खेल रहा था। इसी बीच कहीं से एक सांप आ गया। बच्चे ने खेल-खेल में सांप को मुंह में रख लिया। इस बीच बच्चे की मां सोमवती की नजर बच्चे पर पड़ी। बच्चे की मां ने देखा कि पूंछ बच्चे के मुंह से बाहर लटक रही है। उसने आनन-फानन सांप की पूंछ पकड़कर बाहर निकाला। तबतक सांप की मौत हो चुकी थी। इसके बाद परिवारवाले सांप और बच्चे को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने डॉक्टरों को पूरे घटनाक्रम के बारे में बताया।
जांच के बाद वापस भेजा गया बच्चा
डॉक्टरों ने बच्चे को भर्ती करने के बाद उसका उपचार शुरू कर दिया। डॉक्टरों का कहना है कि बच्चा खतरे से बाहर है। उसे उपचार के बाद वापस घर भेज दिया गया है।







