गुजरात के उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल ने एक विवादित बयान दे डाला है। उन्होंने कहा देश में संविधान, धर्मनिरपेक्षता और कानून की बात तब तक चलेगी जब तक हिंदू बहुसंख्यक हैं, हिंदू के बहुमत में रहने से कानून कायम रहेगा नहीं तो समुदाय के अल्पसंख्यक हो जाने के बाद कुछ भी नहीं बचेगा।
पटेल ने आगे कहा कि मेरे शब्द लिख लीजिए, अगर हिन्दुओं की संख्या कम हुई तो उस दिन ना कोई कोर्ट होगा, ना कचहरी होगी, ना कोई कानून, कोई लोकशाही नहीं, कोई संविधान नहीं रहेगा। सब दफना दिया जाएगा।
पटेल गुजरात के गांधीनगर के भारत माता मंदिर में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बोल रहे थे। इस दौरान राज्य के गृह मंत्री प्रदीप सिंह जाडेजा और वीएचपी व आरएसएस के शीर्ष नेता मौजूद थे।
पटेल ने कहा, ‘मैं सभी के बारे में बात नहीं कर रहा। मुझे यह भी साफ कर देना चाहिए कि लाखों मुसलमान देशभक्त हैं, लाखों ईसाई देशभक्त हैं। गुजरात पुलिस में हजारों मुसलमान हैं, वे सभी देशभक्त हैं।’







