गुजरात में जानलेवा कोरोना वायरस ने एक बार फिर अपने पैर पसार लिए हैं. बीते एक दिन में यहां संक्रमण के 1,340 नए मामले सामने आए हैं. इसके साथ ही राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या बढकर 1,92,982 हो गई है. वहीं बीते एक दिन में सात और मौतें होने से कोरोना से मरने वालों की तादाद 3,830 हो गई है.

अच्छी खबर यह रही कि राज्य में बीते एक दिन में 1,113 कोरोना मरीजों को अस्पताल से छुट्टी भी दे दी गई. राज्य में अब तक 1,76,475 लोग संक्रमण से उबर चुके हैं. वहीं अब भी यहां कोरोना के 12,677 एक्टिव केस हैं. राज्य में स्वास्थ्य अधिकारियों ने अब तक 70,33,156 परीक्षण किए हैं.

राज्य सरकार ने कहा कि मामलों का जल्द से जल्द पता लगाने के लिए प्रतिदिन जांचों की संख्या में वृद्धि की जा रही है. राज्य में अब तक जांच किए गए नमूनों की कुल संख्या बढ़कर 69,78,249 हो गई है.

बीते एक दिन में राज्य में सबसे ज्यादा 224 मामले सूरत से सामने आए. वहीं अहमदाबाद में 220, राजकोट में 161, वडोदरा में 142 नए पॉजिटिव मामले सामने आए. वहीं अहमदाबाद में संक्रमण के कारण पांच मरीजों की मौत हो गई जबकि सूरत में दो और पाटन में एक संक्रमित की मौत हुई.

अहमदाबाद में आज से नाइट कर्फ्यू

गुजरात के अहमदाबाद में कोरोना की दूसरी लहर काफी भयावह है. शहर में बढ़ते संक्रमण के चलते सरकार ने यहां रोजाना रात का कर्फ्यू लगाने का फैसला लिया है. गुजरात प्रशासन ने आज शाम यह जानकारी दी.

गुजरात सरकार ने अहमदाबाद में 20 नवंबर से रोजाना रात 9 बजे से लेकर सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू लगाने का फैसला किया है. ये कर्फ्यू कब तक जारी रहेगा, अभी प्रशासन ने इसकी जानकारी नहीं दी है.

गुजरात प्रशासन ने कहा, ”राज्य सरकार ने अहमदाबाद में 20 नवंबर से रात 9 बजे से लेकर सुबह 6 बजे तक रोजाना कर्फ्यू लगाने का फैसला किया है. यह फैसला तब तक लागू रहेगा, जब तक गुजरात में कोरोना वायरस की स्थिति बेहतर नहीं हो जाती है.”



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here