Edited By Himanshu Tiwari | नवभारतटाइम्स.कॉम | Updated:

अमित शाह ने कांग्रेस पर साधा निशाना

भुवनेश्वर

कोरोना वायरस (Coronavirus) के बढ़ते मामलों के बीच केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने ओडिशा (Amit Shah) में एक जन संवाद रैली (Jan Samvad Rally) को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर हमला किया। अमित शाह ने कहा कि विपक्ष के कुछ वक्रदृष्टा (वक्रदृष्टा का अर्थ- टेढ़ी नजर) आज हम पर सवाल उठाते हैं तो मैं उनसे पूछता हूं कि उन्होंने क्या किया। कोई स्वीडन में, कोई अमेरिका में लोगों से बात करता है, इसके अलावा और क्या किया आपने। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तुरंत सहायता के लिए 1.7 लाख करोड़ रुपये जरूरतमंदों के लिए दिए हैं।

अमित शाह ने वर्चुअल रैली को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि कोरोना वायरस एक वैश्विक महामारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने सोशल डिस्टेंसिंग (Social Distancing) की सलाह दी है लेकिन बीजेपी और लोगों के बीच ऐसा नहीं हो सकता है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में हम वर्चुअल रैलियों के जरिए लोगों से संपर्क कर रहे हैं।

आर्टिकल 370 का भी शाह ने किया जिक्र

अमित शाह ने यह भी कहा, ‘कई सरकारें दो तिहाई बहुमत के साथ आईं लेकिन किसी ने भी आर्टिकल 370 और 35ए हटाने का साहस नहीं दिखाया। 5 अगस्त 2019 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी सदन में बिल लाए फिर आर्टिकल 370 के साथ 35 ए के विशेषाधिकार को खत्म कर दिया गया।’ अमित शाह ने कहा, ‘भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कोरोना वायरस महामारी के दौरान 11 करोड़ लोगों को खाना उपलब्ध कराया। मैं तहे दिल से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, उनकी टीम और सभी कार्यकर्ताों को शुभकामनाएं देता हूं।’

‘राम मंदिर पर सटीक तरीके से रखा पक्ष’

शाह ने कहा, ‘श्री राम जन्मभूमि का विवाद वर्षों से चल रहा था। करोड़ों लोग राह देखते थे कि कब राम जन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर बनेगा। मोदी सरकार को दोबारा बहुमत दिया, सटीक तरीके से अपना पक्ष रखा गया और सुप्रीम कोर्ट ने राम जन्मभूमि के पक्ष में फैसला दिया।’

कांग्रेस पर अमित शाह ने साधा निशाना

गृहमंत्री ने यह भी कहा, ‘कांग्रेस सरकार में जब मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे, तब उन्होंने RECP के निगोशिएशन की शुरुआत की थी। अगर RECP पर दस्तखत हो जाता तो इस देश का छोटा व्यापारी, उद्यमी, पशुपालक, किसान, मत्सय उद्योग ये सब अपना जीवन अच्छे ढंग से जी पाते। नरेंद्र मोदी ने आरईसीपी की मीटिंग में कहा कि यह देश गांधी का देश है। गरीब, किसान, छोटे मजदूर और मेरे मछुआरे भाइयों से दगा नहीं कर सकता, उनके हित में मुझे सोचना होगा। इस तरह से हम आरईसीपी से बाहर हुए और आज हर छोटे व्यापारी, उद्यमी अपने आप को बचा हुआ महसूस कर रहे हैं।’



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here