कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की रिहाई का स्वागत करते हुए बुधवार को कहा कि केंद्रशासित प्रदेश की सभी पार्टियों को केंद्र सरकार के अत्याचार के खिलाफ एकजुट होना चाहिए।

पूर्व गृह मंत्री ने ट्वीट किया, ”खुशी है कि महबूबा मुफ्ती को 14 महीनें की अनुचित हिरासत के बाद आखिरकार रिहा कर दिया गया है। दुख की बात है कि केंद्र सरकार और जम्मू-कश्मीर प्रशासन को कानून के दुरुपयोग की भयावहता का एहसास नहीं हुआ है।”

उन्होंने कहा, ”जम्मू-कश्मीर की मुख्यधारा की सभी पार्टियों को केंद्र सरकार के अत्याचार से लड़ने के लिए एकजुट होना चाहिए।” उल्लेखनीय है कि पीडीपी अध्यक्ष एवं जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती को उनके विरुद्ध जन सुरक्षा कानून (पीएसए) के तहत लगाए गए आरोपों को इस केंद्रशासित प्रदेश के प्रशासन द्वारा हटा लिए जाने के बाद मंगलवार रात रिहा कर दिया गया। पिछले साल अनुच्छेद 370 को निष्प्रभावी बनाए जाने के बाद मुफ्ती को हिरासत में लिया गया था।

मुफ्ती के आवास पर कार्यकर्ताओं का तांता लगा

पिछले साल पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के ज्यादातर वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी छोड़ दी थी और उसके बाद इसके भविष्य को लेकर प्रश्नचिह्न लगाए जाने लगे थे। लेकिन पार्टी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती की मंगलवार रात रिहाई के बाद उनके आवास पर कार्यकर्ताओं के तांता से नयी उम्मीदें दिखने लगी हैं। महबूबा को 14 महीनों के बाद रिहा किया गया है। बुधवार को महबूबा के आधिकारिक निवास फेयरव्यू बंगला पर कार्यकर्ताओं का तांता लगा रहा। अपनी नेता से मिलने की उम्मीद में आए कार्यकर्ताओं में वृद्ध भी शामिल थे। महबूबा के प्रशंसक उन्हें आयरन लेडी ऑफ कश्मीर कह रहे हैं। पार्टी अध्यक्ष ने मिलने वाले कार्यकर्ताओं को यह संदेश दिया कि वह संघर्ष करने के लिए तैयार हैं।





Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here