चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) ने सोमवार को एक बार फिर पूर्वी लद्दाख में एलएसी पर अपने नापाक मंसूबों को अंजाम देना चाहा, लेकिन भारतीय सैनिकों की मुस्तैदी से उन्हें फिर नाकामी हाथ लगी। सरकारी सूत्रों ने सोमवार शाम को हुए घटनाक्रम का ब्योरा देते हुए कहा कि हथियारों से लैस चीनी सैनिकों ने भारतीय चौकियों के नजदीक आने की कोशिश की और फिर रोकने पर फायरिंग की। उधर, चीन ने उल्टे भारतीय सैनिकों पर घुसपैठ और गोलीबारी का आरोप मढ़ा था। लेकिन एलएसी की कुछ तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें दिख रहा है कि किस तरह चीनी सैनिक बंदूकों के अलावा भाले और रॉड जैसे हथियारों के साथ आए थे। 

सरकारी सूत्रों के मुताबिक करीब 50 सैनिक सोमवार को शाम करीब छह बजे मुखपारी चोटी के पास स्थित भारतीय चौकी की ओर आक्रामक तरीके से बढ़ रहे थे। चीन की सेना का प्रयास भारतीय सैनिकों को लद्दाख में मुखपारी चोटी और रेकिन ला क्षेत्रों में स्थित सामरिक चोटियों से हटाना था। सूत्रों ने बताया कि पूर्वी लद्दाख में भारतीय चौकी की ओर सोमवार शाम को आक्रामक तरीके से बढ़ रहे चीनी सैनिकों ने छड़, भाले और धारदार हथियार ले रखे थे।

सूत्रों ने बताया कि जब भारतीय सेना ने सोमवार शाम में चीन की पीएलए को रोका तो उन्होंने हमारे सैनिकों को भयभीत करने के लिए हवा में 10-15 बार गोलियां चलाईं। लेकिन भारत ने इसका मुंहतोड़ जवाब दिया और चीनी सैनिकों को लौटने पर मजबूर कर दिया। पैंगोंग झील क्षेत्र के दक्षिणी तट के आसपास में स्थित सामरिक चोटियों पर भारत की स्थिति मजबूत है।

इससे पहले भारतीय सेना ने पीएलए द्वारा उसपर वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पार करने के लगाए गए आरोपों को मंगलवार को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि चीनी सैनिकों ने सोमवार को हवा में गोलियां चलाईं और पूर्वी लद्दाख में भारतीय ठिकाने के करीब आने की कोशिश की। पीएलए ने सोमवार देर रात को आरोप लगाया था कि भारतीय सैनिकों ने एलएसी पार की और पूर्वी लद्दाख में पैंगोंग झील के पास चेतावनी देने के लिए गोलियां चलाईं।

एलएसी पर बंदूकों का इस्तेमाल सीमा विवाद के गंभीर तरीके से बढ़ने का संकेत देता है क्योंकि इससे पहले दोनों देशों की सीमा पर गोलियां चलने की घटना 1975 में हुई थी। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब महज चार दिन पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उनके समकक्ष जनरल वेई फेंगही ने सीमा पर तनाव कम करने के तरीकों पर मॉस्को में चर्चा की थी। उन्होंने पिछले शुक्रवार को शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) बैठक से इतर शुक्रवार को मुलाकात की थी।

एक बयान में, भारतीय सेना ने कहा कि किसी भी वक्त भारतीय सैनिकों ने एलएसी पार नहीं की या गोलीबारी समेत किसी आक्रामक तरीके का इस्तेमाल नहीं किया। सेना ने कहा, ”किसी भी मौके पर भारतीय सेना ने एलएसी पार नहीं की या गोलीबारी समेत किसी आक्रामक साधन का इस्तेमाल नहीं किया। यह पीएलए है जो समझौतों का खुलेआम उल्लंघन कर रही है और आक्रामक युक्तियां अपना रही है जबकि सैन्य, कूटनीतिक और राजनीतिक स्तर पर बातचीत जारी है।”

सेना ने कहा, ”7 सितंबर के ताजा मामले में, पीएलए के सैनिकों ने एलएसी के पास हमारे एक अग्रिम ठिकाने तक आने की कोशिश की और जब हमारे सैनिकों ने उन्हें रोका तो उन्होंने भारतीय सैनिकों को डराने के प्रयास में हवा में कुछ राउंड गोलियां चलाईं।” उसने कहा कि गंभीर उकसावे के बावजूद, भारतीय सैनिकों ने अत्यंत संयम बरता और परिपक्व एवं जिम्मेदार तरीके से व्यवहार किया।

सेना ने कहा, ”भारतीय सेना शांति एवं सौहार्द बरकरार रखने के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन वह हर हाल में राष्ट्रीय संप्रभुता एवं अखंडता की रक्षा के लिए भी दृढ़ संकल्प है। भारत एलएसी से पीछे हटने और तनावपूर्ण स्थिति को कम करने के लिए प्रतिबद्ध है लेकिन चीन स्थिति को तनावपूर्ण बनाने के लिए उकसावे वाली हरकतें कर रहा है।”





Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here