भारत में इस साल अभी तक 40 से अधिक कंपनियों ने आईपीओ के जरिए 70,000 करोड़ रुपये से अधिक राशि जुटाई। निवेश बैंकर इस साल बाजार में 100 से अधिक आईपीओ आने की उम्मीद कर रहे हैं। वहीं, चीन ने 42 कंपनियों इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग पर रोक लगा दी है। सौदों में कई बिचौलियों की नियामक जांच के बीच चीन ने शंघाई और शेनझेन में 42 आईपीओ को रोक दिया है।

एक्सचेंज फाइलिंग के मुताबिक, शेनझेन स्टॉक एक्सचेंज ने 18 अगस्त को बीवाईडी की चिप इकाई द्वारा सार्वजनिक शेयर बिक्री योजनाओं सहित 30 से अधिक आईपीओ को निलंबित कर दिया, जबकि शंघाई स्टॉक एक्सचेंज ने 19 अगस्त से शहर के तकनीक-केंद्रित स्टार मार्केट को लक्षित करने वाले आठ आईपीओ पर रोक लगाई है। चीन सरकार ने छोटे निवेशकों की सुरक्षा और वित्तीय धोखाधड़ी को देखते हुए नियामकीय अनुपालन कड़े कर दिए हैं।

सेंसेक्स 403 की छलांग के साथ नए सर्वकालिक उच्चस्तर पर

वैश्विक बाजारों के सकारात्मक रुख के बीच एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और बजाज फिनसर्व के शेयरों में लाभ से मंगलवार को सेंसेक्स 403 अंक की छलांग के साथ अपने नए उच्चस्तर पर पहुंच गया। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 403.19 अंक के लाभ से अपने सर्वकालिक उच्चस्तर 55,958.98 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 128.15 अंक के लाभ के साथ 16,624.60 अंक के अपने नए रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स की कंपनियों में बजाज फिनसर्व का शेयर आठ प्रतिशत चढ़ गया।

यह भी पढ़ें: छोटे निवेशकों के हाथ में शेयर बाजार की कमान, 16.18 लाख करोड़ रुपये का किया भारी-भरकम निवेश

टाटा स्टील, टेक महिंद्रा, बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी बैंक और एसबीआई के शेयर भी लाभ में रहे। वहीं दूसरी ओर नेस्ले इंडिया, इन्फोसिस, एचडीएफसी तथा एचसीएल टेक के शेयरों में गिरावट आई। जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि बड़े बाजारों में मजबूत सुधार तथा अनुकूल वैश्विक रुख से दलाल स्ट्रीट में धारणा बेहतर हुई। धातु, बैंकिंग और रियल्टी शेयरों की अगुवाई में बाजार चढ़ गया। नायर ने कहा कि अमेरिका खाद्य एवं दवा प्रशासन ने फाइजर और बायोएनटेक के कोविड-19 टीके को पूर्ण मंजूरी दे दी है। इससे टीकाकरण तेज होने की उम्मीद है। विशेषज्ञों का कहना है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को महत्वाकांक्षी छह लाख करोड़ रुपये की राष्ट्रीय मौद्रिकरण पाइपलाइन (एनएमपी) का अनावरण किया। इससे भी बाजार धारणा को बल मिला।



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here