कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और केरल के वायनाड से सांसद राहुल गांधी तमिलनाडु विधानसभा चुनाव की वजह से राज्य के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। यहां वे कई जनसभाओं को संबोधित कर रहे हैं, जिसमें बीजेपी और प्रधानमंत्री मोदी पर हमला बोल रहे हैं। वहीं, पिछले दिनों हुए केरल और अब तमिलनाडु दौरे पर राहुल गांधी कई ऐसी चीजें कर रहे हैं, जो सामान्य तौर पर नेता सार्वजनिक मंचों पर करते हुए नहीं दिखाई देते हैं। कांग्रेस नेता सोमवार को छात्राओं के साथ डांस करते हुए नजर आए और पुश-अप्स भी लगाए। उन्होंने मार्शल आर्ट एकिडो भी किया। राहुल गांधी ने नौ सेकेंड में 14 बार दोनों हाथों से पुश-अप्स लगाए, जबकि फिर एक हाथ से भी पुश-अप लगाया।
तमिलनाडु के दौरे पर गए राहुल गांधी मूलगुमडुब्न में स्थित सेंट जोसेफ मैट्रीक्यूलेशन सीनियर स्कूल पहुंचे थे। यहां पर बने एक मंच पर वे कई छात्राओं से मिले। एक के साथ उन्होंने एकिडो किया। न्यूज एजेंसी एएनआई ने राहुल गांधी का यह वीडियो ट्वीट किया है। यह वीडियो एक मिनट छह सेकेंड लंबा है। बता दें कि साल 2017 में माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर राहुल गांधी की कई तस्वीरें वायरल हुई थीं। इन तस्वीरों में वे एकिडो करते हुए नजर आ रहे थे। राहुल गांधी पहले भी एक कार्यक्रम में दावा कर चुके थे कि एक वे रोजाना एक घंटे एकिडो की प्रैक्टिस करते हैं। एकिडो जापान की मार्शल आर्ट की विधा है।
वहीं, इस दौरान पुश-अप्स की भी बात होती है, जिसके बाद राहुल गांधी और एक स्टूडेंट पुश-अप करते हैं। राहुल ने नौ सेकेंड में 14 पुश-अप्स किए। हालांकि, छात्रा राहुल गांधी के उठने के बाद भी काफी देर तक पुश-अप करती रही। राहुल ने एक हाथ से पुश-अप करके भी दिखाया। दोनों हाथों से पुश-अप करने के बाद कांग्रेस नेता ने कहा कि अब हमें कुछ और मुश्किल ट्राई करना चाहिए और एक हाथ से पुश-अप करना चाहिए।
#WATCH: Congress leader Rahul Gandhi doing push-ups and ‘Aikido’ with students of St. Joseph’s Matriculation Hr. Sec. School in Mulagumoodubn, Tamil Nadu pic.twitter.com/qbc8OzI1HE
— ANI (@ANI) March 1, 2021
छात्राओं के साथ राहुल गांधी ने किया डांस
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सेंट जोसेफ स्कूल जाकर छात्राओं के साथ मंच पर डांस भी किया। उनके साथ कई अन्य नेता और छात्राएं मौजूद थीं। तकरीबन एक मिनट तक छात्राओं के साथ डांस करने के बाद वे वहां छात्राओं से गले मिले। सामने आए वीडियो में माइक पर मौजूद महिला राहुल गांधी को धन्यवाद करती हुई सुनाई दे रही है। वहीं, जिस समय राहुल गांधी छात्राओं के साथ डांस कर रहे थे, उस दौरान वहां पर राहुल-राहुल के नारे भी लगते हुए सुनाई दिए। बता दें कि हाल ही में राहुल गांधी एब्स वाली फोटो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। कई कांग्रेस नेता इस तस्वीर को देखकर आश्चर्यचकित हो रहे थे और उन्हें सबसे फिट नेता बता रहे हैं। यह फोटो राहुल गांधी की केरल यात्रा की थी, जब वह मछुआरों के साथ पानी में उतर गए थे। इस तस्वीर में राहुल गांधी के बाइसेप्स और ऐब्स दिख रहे थे।
#WATCH: Congress leader Rahul Gandhi dances with students of St. Joseph’s Matriculation Hr. Sec. School in Mulagumoodubn, Tamil Nadu during an interaction with them pic.twitter.com/RaSDpuXTqQ
— ANI (@ANI) March 1, 2021
तमिलनाडु में कब होंगे विधानसभा चुनाव?
तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर एक चरण में 6 अप्रैल को वोटिंग होगी। चुनाव आयोग के तारीखों का ऐलान करते हुए चुनावी राज्यों में आचार संहिता भी लागू हो गई है। मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने विज्ञान भवन में चुनाव तारीखों का ऐलान करते हुए कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव की तरह बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी मतदान के लिए 1 घंटा अधिक मिलेगा। तमिलनाडु में ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) और भाजपा गठबंधन का मुकाबला द्रविड़ मुनेत्र कषगम (डीएमके) और कांग्रेस गठबंधन से है।







