जम्मू के अरनिया सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर पर मंगलवार देर रात बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स यानी बीएसएफ ने एक संदिग्ध ड्रोन देखा। बीएसएफ जवानों ने इस ड्रोन पर फायरिंग की जिसके बाद ड्रोन गायब हो गया। खबरों के मुताबिक, ड्रोन पाकिस्तान से ऑपरेट किया जा रहा था और फायरिंग के बाद यूएवी वापस पाकिस्तानी सीमा में चला गया।
बीएसएफ ने इस मामले को लेकर एक बयान जारी किया है। बयान के मुताबिक, ’13 और 14 जुलाई के दरम्यानी रात में जवानों को अरनिया सेक्टर में रात 9 बजकर 52 मिनट के आसपास एक लाल रंग की चमकती लाइट दिखी। सतर्क जवानों ने अपनी जगह से ही लाल चमकती लाइट पर फायरिंग की, जिसकी वजह से ड्रोन लौट गया। इसके बाद इलाके की तलाशी ली गई। हालांकि, अभी तक कुछ भी नहीं मिला है।’
J&K | On intervening night of July 13-14th, a blinking red light was observed by troops in Arnia sector. Alert troops fired from their position towards red blinking light, due to which it returned back. The area being searched. Nothing found so far: Border Security Force (BSF)
— ANI (@ANI) July 14, 2021
बता दें कि बीते महीने 27 तारीख को पाकिस्तानी आतंकी संगठनों ने जम्मू एयफोर्स स्टेशन पर दो ड्रोन से विस्फोट किए थे। हालांकि, ये विस्फोट बेहद कम तीव्रता वाले थे लेकिन इसमें दो जवानों को हल्की चोटें आई थीं। भारत में यह ड्रोन से किया गया पहला धमाका था।
ये धमाके रात 1 बजकर 40 मिनट पर हुए थे। दोनों धमाकों के बीच 6 मिनट का अंतर था। पहला धमाका जहां एक मंजिला इमारत की छत पर हुआ था तो वहीं दूसरा धमाका मैदान में हुआ था। जम्मू एयरफोर्स में हुए इस ड्रोन हमले के बाद से ही सांबा, रामबन और बारमुला में ड्रोन या किसी अन्य यूएवी को रखने और बेचने पर रोक लगा दी गई थी।
इससे पहले श्रीनगर और रजौरी-कठुआ के सीमा से सटे इलाकों में भी इसी तरह की पाबंदी लगाई गई है।







