किसान आंदोलन के बीच एक नया सर्वे आया है, जिसमें देश का मूड जानने की कोशिश की गई है। करीब दो महीने से चल रहे किसान आंदोलन के बीच लोगों की राय कृषि कानूनों पर बंटी हुई है। इंडिया टुडे ग्रुप की ओर से 3 से 13 जनवरी के बीच किए गए इस सर्वे में 34 फीसदी लोगों ने कृषि कानूनों को किसानों के लिए मददगार बताया है। वहीं, 32 फीसदी लोगों का कहना है कि इससे उद्योगपतियों को फायदा होगा। वहीं, 25 फीसदी लोगों का कहना है कि दोनों को फायदा होगा।
इसी मुद्दे पर जब लोगों से सवाल पूछा गया कि किसान आंदोलन कैसे रुकेगा? 55 फीसदी लोगों ने कहा कि कृषि कानूनों में सुधार हो, जबकि केवल 28 फीसदी इस पक्ष में है कि कृषि कानून वापस हों। 10 फीसदी लोगों का माना है कि सरकार कुछ ना करे। किसान आंदोलन पर सरकार के रुख को भी अधिकतर लोग ठीक मानते हैं। 16 फीसदी लोगों ने बहुत अच्छा और 39 फीसदी ने अच्छा बताया है, जबकि 25 फीसदी ने संतोजनक बताया है, केवल 16 फीसदी लोगों ने सरकार के रुख को खराब और बहुत खराब बताया है।
क्या लव जेहाद धर्म परिवर्तन की साजिश है? 54 फीसदी लोगों ने इसका जवाब हां में दिया, जबकि 36 फीसदी लोग इसका जवाब ना में देते हैं। इसी से जुड़ा एक और सवाल लोगों से पूछा गया कि क्या गैर धर्म में शादी जायज है तो 54 फीसदी लोगों ने इसे संस्कृति के खिलाफ बताया तो 41 फीसदी लोगों ने कहा कि यह अपनी-अपनी पसंद है।
वेब सीरीज तांडव को लेकर मचे बवाल के बीच लोगों से यह सवाल भी किया गया कि ओटीटी प्लेटफॉर्म को सेंसर किया जाए या नहीं? इसके जवाब में 49 फीसदी लोगों ने हां में जवाब दिया जबकि 26 फीसदी चाहते हैं कि सेंसरशिप लागू ना की जाए।
मीडिया समूह की ओर से बताया गया है कि इस सर्वे में कुल 12,232 लोगों ने हिस्सा लिया। 19 राज्यों के 97 लोकसभा क्षेत्रों और 194 विधानसभा क्षेत्रों से लोगों से सावल पूछे गए थे।







