CBSE 10th Exam 2021 : देश में तेजी से बढ़ते कोरोना संक्रमण के चलते सीबीएसई ने 10वीं कक्षा की परीक्षा रद्द कर दी है। 12वीं की परीक्षा टाल दी गई है। 1 जून को स्थिति की समीक्षा करने के बाद 12वीं के नए शेड्यूल पर फैसला लिया जाएगा। शिक्षा मंत्रालय ने कहा है कि 10वीं कक्षा का रिजल्ट सीबीएसई द्वारा तैयार की गई एक वैकल्पिक पद्धति से जारी किया जाएगा। अगर कोई छात्र इस पद्धति से दिए गए मार्क्स से असंतुष्ट होता है तो उसे बाद में मौका दिया जाएगा। हालात ठीक होने पर परीक्षा कराई जाएगी जिसमें ऐसे छात्र अपने मार्क्स सुधार सकते हैं। 

पिछले वर्ष भी नहीं हुए थे कई पेपर, ये था रिजल्ट का फॉर्मूला
पिछले वर्ष भी कोरोना और पूर्वी दिल्ली में भड़के दंगों के चलते 10वीं 12वीं के कई पेपर नहीं हो सके थे। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद सीबीएसई ने कोरोना वायरस संकट को देखते हुए 10वीं और 12वीं परीक्षाएं रद्द करने का फैसला किया था। दिल्ली के सीबीएसई 10वीं के बहुत से छात्रों का रिजल्ट इंटरनल असेसमेंट, प्रोजेक्ट वर्क और असाइनमेंट वर्क के आधार पर जारी किया गया था। 

पिछले वर्ष 10वीं कक्षा में 91.46 फीसदी स्टूडेंट्स पास हुए थे। मेरिट लिस्ट जारी की गई थी। कोरोना वायरस के कारण उत्पन्न परिस्थितियों को देखते हुए बोर्ड ने 12वीं और 10वीं दोनों कक्षाओं के टॉपरों का ऐलान नहीं किया था। 

इससे पहले छत्‍तीसगढ़ बोर्ड, पंजाब बोर्ड और एमपी बोर्ड भी अपनी परीक्षाएं स्थगित कर चुके हैं।



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here