कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को कहा कि जो लोग अतीत में झूठी बयानबाजी झेल चुके हैं, वे कृषि कानूनों को निरस्त करने के प्रधानमंत्री के शब्दों पर विश्वास करने को तैयार नहीं हैं। बीते शुक्रवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने देश को संबोधित करते हुए तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने का ऐलान किया था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऐलान के बाद मोदी सरकार ने तीनों कृषि कानूनों को निरस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। हालांकि दूसरी ओर अभी भी किसानों ने अपना आंदोलन वापस नहीं लिया है। इस पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक ट्वीट में कहा, “झूठे जुमले झेल चुकी जनता पीएम की बातों पर विश्वास करने को तैयार नहीं हैं। किसान सत्याग्रह जारी है।”
झूठे जुमले झेल चुकी जनता PM की बात पर विश्वास करने को तैयार नहीं!
किसान सत्याग्रह जारी है।#FarmersProtest continues.
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) November 21, 2021
बता दें कि तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग को लेकर किसान पिछले एक साल से दिल्ली की सीमाओं पर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। किसान संघों ने कहा है कि जब तक संसद द्वारा तीन केंद्रीय कानूनों को निरस्त नहीं किया जाता है और एमएसपी की कानूनी गारंटी पर कानून नहीं लाया जाता है, तब तक वे अपना आंदोलन जारी रखेंगे।







