दिग्गज इनवेस्टर राकेश झुनझुनवाला ने पिछले साल फरवरी में एक इंटरव्यू में कहा था, ‘मुझे लगता है कि टाटा के घर पर भगवान का आशीर्वाद है।’ झुनझुनवाला को टाटा ग्रुप काफी पसंद भी है। टाटा ग्रुप की कुछ कंपनियों ने पिछले 2 साल में निवेशकों को मल्टीबैगर रिटर्न दिया है। टाटा ग्रुप की कुछ कंपनियां ऐसी भी हैं, जिन्होंने पिछले 2 सालों में जबर्दस्त रिटर्न दिया है, लेकिन बहुत लोग इनके बारे में नहीं जानते हैं। टाटा ग्रुप की इन अनजानी कंपनियों ने पिछले 2 साल में 3,500 फीसदी से ज्यादा का रिटर्न दिया है।
ऑटोमोटिव स्टैम्पिंग्स एंड असेंबलीज ने दिया 3,550% रिटर्न
टाटा ग्रुप के इस स्टॉक ने पिछले 2 साल में निवेशकों को मालामाल कर दिया है। टाटा ग्रुप की यह कंपनी कारों और कमर्शियल व्हीकल्स के लिए शीट-मेटल स्टैम्पिंग्स, वेल्डेड असेंबलीज और मॉड्यूल्स बनाती है। 27 मार्च 2020 को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) में कंपनी के शेयर 12.60 रुपये के स्तर पर थे। 9 फरवरी 2022 को बीएसई में कंपनी के शेयर 447.40 रुपये के स्तर पर बंद हुए हैं। 2 साल से भी कम में कंपनी के शेयरों ने 3,550 फीसदी का रिटर्न दिया है।
1 लाख रुपये से बने 35 लाख रुपये से ज्यादा
अगर किसी निवेशक ने 27 मार्च 2020 को कंपनी के शेयरों में 1 लाख रुपये लगाए होते और अपने निवेश को बनाए रखा होता तो मौजूदा समय में वह पैसा 35.50 लाख रुपये के करीब होता। टाटा ग्रुप की इस कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 923.85 रुपये है। जबकि 52 हफ्ते का लो लेवल 31 रुपये है। टाटा ग्रुप की प्रमोटेड टाटा ऑटोकॉम्प सिस्टम्स की इस कंपनी में 75 फीसदी हिस्सेदारी है। बाकी की 25 फीसदी हिस्सेदारी पब्लिक के पास है। टाटा मोटर्स के अलावा यह कंपनी जनरल मोटर्स इंडिया, फिएट इंडिया, पियाजियो व्हीकल्स, अशोक लीलैंड, JCB और एमजी मोटर्स जैसी कंपनियों को अपने प्रॉडक्ट्स बेचती है।
नेल्को ने 2 साल में कम में दिया 580 फीसदी से ज्यादा रिटर्न
नेल्को (Nelco), टाटा ग्रुप की आईटी नेटवर्किंग इक्विपमेंट कंपनी है। 27 मार्च 2020 को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (BSE) में कंपनी के शेयर 129.80 रुपये के स्तर पर थे। 9 फरवरी 2022 को NSE में कंपनी के शेयर 756.80 रुपये के स्तर पर बंद हुए हैं। 2 साल से भी कम में कंपनी के शेयरों ने 580 फीसदी से ज्यादा रिटर्न दिया है। टाटा ग्रुप की यह कंपनी डिफेंस, रेलवे, स्टील, सीमेंट, ऑटोमोबाइल, ऑयल एंड गैस, पेपर जैसी कुछ कोर इंडस्ट्रीज को सर्विसेज देती है।
नेल्को में 1 लाख रुपये के बन गए 5.83 लाख रुपये
अगर किसी निवेशक ने 27 मार्च 2020 को कंपनी के शेयरों में 1 लाख रुपये लगाए होते तो मौजूदा समय में वह रकम 5.83 लाख रुपये के करीब होती। कंपनी के शेयरों का 52 हफ्तों का हाई 971.95 रुपये है। वहीं, 52 हफ्तों का लो-लेवल 179 रुपये है। टाटा ग्रुप की पावर यूटिलिटी फर्म टाटा पावर (Tata Power), इस कंपनी में सबसे बड़ी हिस्सेदार है। नेल्को में टाटा पावर की हिस्सेदारी 48.64 फीसदी है।







