टाटा ग्रुप की सब्सिडियरी कंपनी टीटीएमएल के शेयरों के पिछले 20 दिन से खरीदार नहीं मिल रहे थे। शेयर 290.15 रुपये से लुढ़क कर 141.75 रुपये पर आ गया था। 11 जनवरी के बाद से इसमें लगातार लोअर सर्किट लग रहा था और इस अवधि में इस स्टॉक में कोई पैसा लगाने को तैयार नहीं था और खरीदार न होने के कारण लोग नुकसान रोक नहीं कर पा रहे थे। लेकिन, आज एक खबर के बाद बजार खुलते ही टीटीएमएम में अपर सर्किट लग गया।
टीटीएमएल का शेयर एनएसई पर सुबह 9:32 बजे 4.97 फीसद की उछाल पर था और इसमें केवल खरीदार ही थे। कुल 2,60,48,969 शेयर खरीदारी के लिए ऑर्डर में थे। बता दें 11 जनवरी को टीटीएमएल का शेयर अपने ऑल टाइम हाई 290.15 रुपये पर बंद हुआ था। इससे पहले यह एक साल में 2830 फीसद का छप्पड़ फाड़ रिटर्न दे चुका था।
पिछले 23 दिसंबर से तो यह लगभग हर रोज अपर सर्किट मार रहा था। 23 दिसंबर को यह 154.10 रुपये पर बंद हुआ था और 10 जनवरी को यह 290.15 रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान इसने निवेशकों को 188 फीसद रिटर्न दिया।
ऐसा क्या हुआ कि अचानक बढ़ने लगा भाव
दरअसल मंगलवार को टाटा टेलीसर्विसेज लि. (टीटीएसएल) ने समयोजित सकल राजस्व (एजीआर) बकाये से संबंधित ब्याज को इक्विटी में बदलने की योजना रद्द कर दी है। बीते दिनों टाटा टेलीसर्विसेज ने सरकार को चुकाए जाने वाले 850 करोड़ रुपये के ब्याज बकाया को इक्विटी में बदलने का फैसला किया था, जो कंपनी में 9.5 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर है। हालांकि, अब कंपनी ने इस योजना को रद्द कर दिया है।
क्यों लग रहा था लोअर सर्किट
टाटा टेलीसर्विसेज ने पिछले दिनों शेयर बाजार को दी सूचना में कहा था कि उसके आकलन के अनुसार ब्याज का शुद्ध रूप से मौजूदा मूल्य (एनपीवी) करीब 850 करोड़ रुपये है। यह अनुमान दूरसंचार विभाग की पुष्टि पर निर्भर है। ब्याज को इक्विटी यानी शेयर में बदलने से सरकार की कंपनी में हिस्सेदारी 9.5 प्रतिशत होगी। दूरसंचार विभाग की तरफ से सूचना में प्रदान की गई गणना पद्धति के अनुसार, 14 अगस्त, 2021 की प्रासंगिक तिथि पर कंपनी के शेयर की औसत कीमत लगभग 41.50 रुपये प्रति इक्विटी बैठती है। इसके बाद से ही उड़ान भर रहे इस स्टॉक में बिकवाली का दौर शुरू हो गया था।
क्या करती है टीटीएमएल?
बता दें टीटीएमएल, टाटा टेलीसर्विसेज की सब्सिडियरी कंपनी है। यह कंपनी अपने सेगमेंट में मार्केट लीडर है। कंपनी वॉइस, डेटा सर्विसेज देती है। कंपनी के ग्राहकों की लिस्ट में कई बड़े नाम है। मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक बीते महीने कंपनी ने स्मार्ट इंटरनेट बेस्ड सर्विस कंपनियों के लिए शुरू की है। इसे जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है, क्योंकि इसमें कंपनियों को फास्ट इंटरनेट के साथ क्लाउड बेस्ड सिक्योरिटी सर्विसेज और ऑप्टोमाइज्ड कंट्रोल मिल रहा है। इसकी सबसे बड़ी खासियत क्लाउड आधारित सिक्योरिटी है जिससे डेटा को सुरक्षित रखा जा सकेगा। जो बिजनेस डिजिटल आधार पर चल रहे हैं, उन्हें इस लीज लाइन से बहुत मदद मिलेगी। इसमें हर तरह के साइबर फ्रॉड से सुरक्षा का इंतजाम इन-बिल्ट किया गया है, साथ में फास्ट इंटरनेट की सुविधा दी जा रही है।
(डिस्क्लेमर: यहां सिर्फ शेयर के परफॉर्मेंस की जानकारी दी गई है. यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)







