त्योहारी सीजन को देखते हुए कई बैंक अपने ग्राहकों को खास ऑफर दे रहे हैं। बैंक अपने ग्राहकों को डेबिट कार्ड से खरीदारी पर ईएमआई कराने की सुविधा दे रहे हैं। फेडरल बैंक ने ग्राहकों को डेबिट कार्ड का इस्तेमाल करके दोपहिया खरीदने का विकल्प दिया है। इसी तरह भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), एचडीएफसी, आईसीआईसीआई समेत कई बैंक डेबिट कार्ड पर यह सुविधा मुहैया करा रहे हैं। इसके लिए बैंक मामूली प्रोसेसिंग फीस ले रहे हैं। अगर, आप भी किसी बैंक के ग्राहक हैं तो आप अपनी पत्रता जांचकर आनेवाले त्योहारों में बेझिझक खरीदारी कर सकते हैं और बाद में किस्त (ईएमआई) के जरिये पैसा चुका सकते हैं।
कौन ले सकता है फायदा?
एसबीआई के मुताबिक, बैंक के मौजूदा ऐसे ग्राहक जिनकी क्रेडिट हिस्ट्री साफ-सुथरी है, वे डेबिट कार्ड के जरिये ईएमआई का लाभ ले सकते हैं। पात्रता की जांच करने के लिए, ग्राहक अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर से डीसीईएमआई लिखकर एक एसएमएस 567676 पर भी भेज सकते हैं। आईसीआईसीआई, एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक समेत दूसरे बैंक भी इसी प्रक्रिया के तहत डेबिट कार्ड पर ईएमआई कराने का विकल्प दे रहे हैं।
तीन से 24 महीने की किस्त
डेबिट कार्ड से ईएमआई कराने पर बैंक आपको तीन महीने से 24 महीने तक ईएमआई विकल्प चुनने की सुविधा प्रदान करते हैं। आप बैंक से तीन, छह, नौ, 12, 18 या 24 महीने की किस्त बनवा सकते हैं। एसबीआई इस सुविधा के तहत एक मिनट से कम समय में खरीदारी के लिए लोन देता है। बैक का कहना है कि डेबिट कार्ड ईएमआई की इस सुविधा से ग्राहक देश भर में कंज्यूमर ड्यूरेबल प्रोडक्ट खरीद सकते हैं। खरीदारी के लिए उन्हें तुरंत भुगतान नहीं करना होगा।
फेडरल बैंक दे रहा दोपहिया खरीदने का मौका
फेडरल बैंक अपने डेबिल कार्ड धारकों को बाइक खरीदने का विकल्प दे रहा है। बैंक के ग्राहक अपने डेबिट कार्ड से सिर्फ एक रुपये का पेमेंट करके बाइक खरीद सकते हैं। बैंक ने कहा है कि डेबिट कार्ड ईएमआई फेसिलिटी के लिए अपनी पात्रता को चेक कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें बैंक को एसएमएस या मिस कॉल करना होगा। बैंक के अनुसार, पात्र ग्राहक देशभर में हीरो मोटोकॉर्प, होंडा मोटरसाइकिल और टीवीएस मोटर के 947 शोरूम्स में से किसी में भी एक रुपये का पेमेंट कर बाइक खरीद सकते हैं।
प्रमुख बैंकों के शुल्क और ब्याज दर
बैंक ब्याज शुल्क लेट पेनल्टी
भारतीय स्टेट बैंक 14% शून्य 2%
ऐक्सिस बैंक 14% 150 रुपये 500 रुपये तक
एचडीएफसी बैंक 16% 99 रुपये 500 रुपये
आईसीआईसीआई बैंक 15% 199 रुपये 750 रुपये तक







