अमेरिका और ईरान के तनाव के बीच होरमुज़ जलडमरू मध्य के निकट लाइबेरिया के झंडे वाले तेल के एक टैंकर को कुछ घंटे तक ईरान की नौसेना ने जब्त कर लिया। अमेरिका के एक सैन्य अधिकारी ने बृहस्पतिवार (13 अगस्त) को यह जानकारी दी। अमेरिकी सेना की मध्य कमान ने एक वीडियो पोस्ट किया है जिसमें यह दिख रहा है कि विशेष बल एक हेलीकॉप्टर से रस्सी से एमवी विला पर उतर रहे हैं। विला का आखिरी स्थान संयुक्त अरब अमीरात के पूर्वी तट से दूर खोरफाकक्न शहर के निकट था।
एसोसिएटेड प्रेस से नाम न जाहिर करने की शर्त पर बात करने वाले अमेरिकी सेना के एक अधिकारी ने बताया कि ईरान की सेना ने बुधवार (12 अगस्त) को इस टैंकर को मुक्त करने से पहले करीब पांच घंटे तक इसे कब्जे में रखा था। अभी तक यह जानकारियां सार्वजनिक नहीं हुई हैं। विला ने ईरानी सेना द्वारा पकड़े जाने से पहले, पकड़े जाने के दौरान और उसके बाद कोई परेशानी वाला फोन नहीं किया था।
अमेरिकी राजदूत ने ईरान को बताया दुनिया में आतंकवाद का नंबर वन स्पॉन्सर
इसमें शामिल ईरान का हेलीकॉप्टर सिकोर्सकी एसएच-3 सी किंग था जो सिर्फ ईरान की नौसेना के पास है। अमेरिकी अधिकारियों ने ईरान द्वारा इस टैंकर के जब्त होने को लेकर किसी वजह की जानकारी नहीं दी है। ईरान की सरकारी मीडिया और अधिकारियों ने इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी है।
कुछ दिनों पहले संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की राजदूत कैली क्राफ्ट ने ईरान को ”दुनिया में आतंकवाद का नंबर एक प्रायोजक” बताया था और रूस तथा चीन को आगाह किया था कि अगर वे ईरान पर संयुक्त राष्ट्र हथियार प्रतिबंध लगाने वाले प्रस्ताव को बाधित करेंगे तो वे भी आतंकवाद के ”सह-प्रायोजक” बन जाएंगे। राजदूत कैली क्राफ्ट ने बृहस्पतिवार (6 अगस्त) को कहा था कि संयुक्त राष्ट्र को उम्मीद है कि रूस और चीन ”आतंकवाद के नंबर एक प्रायोजक देश के सह-प्रायोजक” नहीं बनेंगे और पश्चिम एशिया में शांति की महत्ता को पहचानेंगे।







