अफगानिस्तान में हालात अभी भी मुश्किल बने हुए हैं। पंजशीर घाटी में तालिबान और रेजिस्टेंस फोर्सेज के बीच लड़ाई चल रही है। वहीं तालिबान अपनी सरकार की भी घोषणा नहीं कर रहा है। इन सबके बीच अमेरिकी जनरल मार्क मिले ने एक खतरनाक चेतावनी जारी की है। उन्होंने कहा है कि जो हालात हैं उसे देखकर यह अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं है कि जल्द ही यहां पर सिविल वॉर जैसे हालात बन जाएंगे। इससे भी खतरनाक बात यह है कि इससे अलकायदा, आईएस को फिर से उभरने का मौका मिलेगा। मिले फॉक्स न्यूज के साथ बातचीत में यह कहा। 

हक्कानी और तालिबान में मतभेद का भी पड़ेगा असर
गौरतलब है कि तालिबान ने अफगान फोर्सेज को पूरे अफगानिस्तान में आसानी से शिकस्त दी। उन्होंने एक के बाद एक विभिन्न प्रांतों पर कब्जा कर लिया। लेकिन पंजशीर घाटी में तालिबान को जबर्दस्त संघर्ष करना पड़ रहा है। यहां पर अहमद मसूद और पूर्व अफगान उपराष्ट्रपति अमरुल्लाह सालेह के नेतृत्व में रेजिस्टेंस फोर्सेज तालिबान लड़ाकों को कड़ी टक्कर दे रही है। वहीं हक्कानी और तालिबान में भी मतभेदों की खबरें आ रही हैं। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि तालिबान के लिए सत्ता की राह इतनी आसान नहीं होगी। 

तालिबान के लिए आगे बढ़ना आसान नहीं
रिपोर्टों में दावा किया गया है कि पंजशीर में करीब 600 तालिबान लड़ाके मारे जा चुके हैं। वहीं 1000 से ज्यादा तालिबान लड़ाकों को गिरफ्तार किया जा चुका है। यह तब हो रहा है, जबकि तालिबान ने घोषणा की थी कि वह पंजशीर पर कब्जा कर चुका है। वहीं अल जजीरा ने तालिबान के एक अंदररूनी सूत्र के हवाले से कहा है कि यहां पर लड़ाई चल रही है। लेकिन राजधानी बजारक और प्रांत के गवर्नर के आवास के रास्ते में लैंडमाइंस बिछी होने से तालिबान के लिए आगे बढ़ना बहुत मुश्किल हो रहा है।



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here