त्योहारी सीजन के लिए पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने अपने ग्राहकों को बड़ा तोहफा दिया है। बैंक ने अपने रिटेल प्रोडक्ट से सभी सर्विस और प्रोसेसिंग फीस हटा दिए हैं। इसका फायदा उन ग्राहकों को मिलेगा जो पीएनबी से कार या होम लोन लेने की योजना बना रहे हैं।
बैंक ने क्या कहा: बैंक ने कहा कि त्योहारी सीजन की अपनी पेशकश के तहत वह होम लोन, कार लोन, मायप्रॉपर्टी लोन, पर्सनल लोन, पेंशन लोन और गोल्ड लोन जैसे खुदरा उत्पादों पर सभी सर्विस और प्रोसेसिंग फीस के अलावा अन्य शुल्क हटा देगा। इसके अलावा, बैंक 8.95 प्रतिशत की ब्याज दर से शुरू होने वाले पर्सनल लोन की पेशकश कर रहा है, जो कि उद्योग में सबसे कम है। इसके अलावा बैंक ‘होम लोन’ पर 6.80 प्रतिशत और ‘कार लोन’ पर 7.15 प्रतिशत से शुरू होने वाले आकर्षक ब्याज दर की पेशकश कर रहा है।
आर्थिक आंकड़ों से बाजार गदगद, सेंसेक्स-निफ्टी को मिली नई ऊंचाई
पीएनबी ने आकर्षक ब्याज दर पर होम लोन टॉप-अप की पेशकश की भी घोषणा की है। उसने कहा कि ग्राहक 31 दिसंबर, 2021 तक इन पेशकश का लाभ उठा सकते हैं।
इन ग्राहकों को झटका: पंजाब नेशनल बैंक ने अपने बचत खाताधारकों को झटका दिया है। दरअसल, बैंक ने बचत खाता जमा पर ब्याज दर में 10 आधार अंकों (बीपीएस) की कटौती की है। अब नई ब्याज दर 2.90 प्रतिशत प्रति वर्ष की होगी। ये मौजूदा और नए बचत खाताधारक, दोनों पर लागू होगी। ये ब्याज दर एक सितंबर से लागू है।







