इस त्योहारी सीजन में घर खरीदना आसान होता दिख रहा है। इसकी बड़ी वजह बैंकों और बिल्डर्स की ओर से दिए जा रहे ऑफर्स हैं। दरअसल , त्योहारी सीजन में होम लोन की मांग बढ़ाने के लिए बैंकों ने ब्याज दरों में कटौती की है।
भारतीय स्टेट बैंक, हाउसिंग डेवलपमेंट फाइनेंस कॉर्प, कोटक महिंद्रा बैंक लिमिटेड सहित कई ऋणदाताओं ने होम लोन की दरों में 15-60 बेस प्वाइंट की कटौती की है। होम लोन की ब्याज दर लुढ़क कर 6.5 फीसदी तक आ गई है। ये 10 साल का निचला स्तर है। वहीं, कई बैंकों ने लोन की लिमिट को भी हटा दिया है। अब सिबिल स्कोर बेहतर होने की स्थिति में आप मनमुताबिक होम लोन ले सकते हैं। इसके अलावा प्रोसेसिंग फीस पर भी राहत दी गई है। ये सारे जतन होम लोन की डिमांड बढ़ाने के लिए किया जा रहा है।
सुस्त थी डिमांड: बैंकों की तरह बिल्डर्स भी घर खरीदारों के लिए छूट और उपहार की पेशकश कर रहे हैं। ऐसा माना जा रहा है कि घर खरीदने की प्लानिंग करने वाले लोग त्योहारी सीजन में दिए जा रहे इस मौके का फायदा उठाएंगे। सर्वे भी बता रहे हैं कि त्योहारी सीजन में घर खरीदने पर जोर दिया जा सकता है। काफी हद तक लोगों ने कोरोना की पहली और दूसरी लहर में घर खरीदारी की प्लानिंग को कुछ समय के लिए टाल दिया था। इस वजह से रियल एस्टेट में भी सुस्ती आई थी, अब त्योहारी सीजन में ग्रोथ की उम्मीद है।
भारत का रियल एस्टेट सेक्टर ऐसे समय में बूस्टर डोज की उम्मीद कर रहा है जब चीन की दिग्गज रियल एस्टेट कंपनी एवरग्रांड की वजह से दुनिया भर में आशंकाओं का बाजार गर्म है। दरअसल, एवरग्रांड दिवालिया होने की कगार पर है। ये कंपनी चीन के रियल एस्टेट की बैकबोन मानी जाती है। इस कंपनी से भारत समेत दुनियाभर में स्टील, मेटल, केमिकल्स, सेनेटरी इंडस्ट्री की कंपनियां जुड़ी हुई हैं।







