महाराष्ट्र के नासिक जिले में एक तेंदुए ने घर के बाहर सो रहे पालतू कुत्ते को अपना शिकार बना लिया। तेंदुए के शिकार का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में नजर आ रहा है कि रात के सन्नाटे में यह तेंदुआ दबे पांव घर के पास पहुंचता है। इसके बाद तेंदुआ लोहे की बनी बाउंड्री से घर के परिसर में अंदर दाखिल हो जाता है।
नजर आ रहा है कि घर के बाहर एक कुत्ता सो रहा है। यह तेंदुआ चुपचाप धीरे-धीरे दबे पांव कुत्ते की तरफ बढ़ता है। कुत्ते के बिल्कुल करीब पहुंचकर यह तेंदुआ अचानक उसपर हमला कर देता है। वीडियो को देखने से ऐसा लगता है कि तेंदुए के एक ही हमले में कुत्ते का काम तमाम हो जाता है। इसके बाद तेंदुआ कुत्ते को अपने जबड़े में दबोच कर दबे पांव वहां से चला जाता है। यह वीडियो नासिक के भूसे गांव के एक घर का है। वीडियो में नजर आ रहा है कि तेंदुआ, कुत्ते को दबोचने के बाद धीरे-धीरे झाड़ियों की तरफ जाता है और फिर गुम हो जाता है।
#WATCH | Maharashtra: A leopard hunts a pet dog sleeping outside a house in Bhuse village of Nashik.
(Source: CCTV footage) pic.twitter.com/sHZ1O6VUEE
— ANI (@ANI) June 11, 2021
आपको बता दें कि हाल ही में एक ऐसी ही खबर मध्य प्रदेश के विदिशा से आई थी। विदिशा के उदयगिरी के पास तेंदुए ने दयोदल गोशाल के पास एक कुत्ते को अपना शिकार बनाया था। शुक्रवार को यहां वन विभाग की टीम ने तेंदुए के पांव के निशान के जरिए उसे काफी तलाशने की कोशिश की थी लेकिन उसका कुछ भी पता नहीं चल सका था। एक दिन पहले ही तेंदुए ने इसी गोशाला में घुस कर एक बछड़े को भी मौत के घाट उतार दिया था। यहां वन विभाग के अधिकारियों ने अंदेशा जताया था कि तेंदुए की उम्र 6-7 साल के आसपास है।







