देश में कोरोना वायरस महामारी की वजह से उपजे ऑक्सीजन संकट के बीच बुरी तरह प्रभावित राज्य महाराष्ट्र से एक बेहद दर्दनाक खबर मिली है। महाराष्ट्र के नासिक में डॉ. जाकिर हुसैन अस्पताल में ऑक्सीजन टैंकर में रिसाव होने से 11 लोगों की मौत की जानकारी मिली है। खबर के मुताबिक, यह हादसा उस वक्त हुआ जब टैंकरों में ऑक्सीजन भरी जा रही थी। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा है कि हादसे में अब तक 11 लोगों की जान गई है। ये सभी मरीज वेंटिलेटर पर थे। वहीं, कई लोगों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। 

खबर के मुताबिक, अस्पताल में करीब 171 मरीजों को ऑक्सीजन दी जा रही है। मौके पर फायर ब्रिगेड पहुंच गई है और बचाव कार्य जारी है। 

महाराष्ट्र के एक अन्य मंत्री डॉक्टर राजेंद्र शिंगणे ने हादसे को लेकर कहा, ‘यह दुर्भाग्यपूर्ण है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक हमें 11 लोगों की मौत के बारे में पता लगा है। हम विस्तृत रिपोर्ट पाने की कोशिश कर रहे हैं। हमने जांच के भी आदेश दे दिए हैं। हादसे के लिए जो भी जिम्मेदार होगा उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।’

महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने बताय, ‘टैंकर के वॉल्व्स में खराबी के चलते इतनी बड़ी मात्रा में ऑक्सीजन का रिसाव हुआ। यह निश्चित है कि अस्पताल पर इसका असर जरूर हुआ होगा लेकिन हमें अभी और जानकारी हासिल करनी है। पूरी जानकारी मिलने के बाद हम प्रेस नोट जारी करेंगे।’

बता दें कि महाराष्ट्र देशभर में कोरोना की सबसे बुरी मार झेल रहा है। यहां हर दिन कोरोना वायरस के 50 हजार से ज्यादा नए संक्रमित मिल रहे हैं तो वहीं सैकड़ों लोगों की जान भी जा रही है। 





Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here