राजधानी दिल्ली में कोरोना की तीसरी लहर लगातार कमजोर पड़ रही है। तीसरी कोरोना लहर की शुरुआत के बाद शुक्रवार को पहली बार दिल्ली में एक दिन में 1 हजार से कम कोरोना के मामले सामने आए हैं।
बीते 24 घंटे में दिल्ली में 977 नए केस सामने आए. जबकि कोरोना संक्रमण दर 1.73 फीसदी हो गई है। हालांकि, अब भी सक्रिय कोरोना मरीजों की संख्या 4812 है। वहीं, दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोरोना से 12 मरीजों की मौत हो गई है। दिल्ली में कोरोना से मौत का कुल आंकड़ा 26,047 हो गया है।
वहीं, अगर रिकवरी रेट की बात करें तो दिल्ली में रिकवरी दर 98.33 फीसदी पहुंच गई है और सक्रिय कोरोना मरीजों की दर 0.26 फीसदी हो गई है। साथ ही देशभर में भी कोरोना नए संक्रमितों की संख्या में भी कमी आई है और कुल 58077 मरीज आए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि अगले एक सप्ताह में लहर पूरी तरह से खत्म हो सकती है और रोजाना संक्रमण दस हजार से भी नीचे आ सकते हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार को संक्रमण दर 3.89 फीसदी दर्ज की गई है। इस दौरान कुल 14,91,678 टेस्ट किए गए थे। इसके साथ ही सक्रिय मरीजों की संख्या घटकर 697802 रह गई है तथा पिछले चौबीस घंटों के दौरान सक्रिय मरीजों की संख्या में 92987 की कमी आई है तथा 150407 मरीज स्वस्थ हुए हैं।
इस बीच देश में कोरोना से होने वाली मौतों में भी स्थिरता नजर आ रही है। शुक्रवार को कुल 657 मौतें दर्ज की गई हैं, जिसमें 153 मौतें केरल की हैं। शेष 504 मौतें पिछले चौबीस घंटों के दौरान हुई हैं। हालांकि अभी भी यह मौतें कम नहीं हैं, लेकिन कल तक छह सौ से भी ज्यादा मौतें रोज हो रही थीं, उस हिसाब से इसमें कमी नजर आ रही है। देश में कोरोना से अब तक कुल 4,25,36,137 लोग संक्रमित हुए हैं, जिनमें से 4,13,31158 स्वस्थ हो चुके हैं तथा 507177 की मौत हो चुकी है।
Delhi records 977 fresh Covid cases, 12 more deaths; positivity rate 1.73 pc: Authorities
— Press Trust of India (@PTI_News) February 11, 2022







