भीषण गर्मी से परेशान लोगों को राहत दिलाने के लिए मॉनसून ने दिल्ली-एनसीआर में आज दस्तक दे दी है। बुधवार को सुबह से ही बादल छाए हुए थे। तेज हवाओं का साथ आई बारिश ने लोगों को कुछ राहत प्रदान की। वहीं, नोएडा और गाजियाबाद में भी मानसून की पहली बारिश शुरू हो गई है। हालांकि, कुछ स्थानों पर अब भी बादल ही छाए हुए हैं, और कुछ ही देर में बारिश होने की उम्मीद है।
जानकारी के अनुसार, भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को कह दिया था कि दिल्ली-एनसीआर में अगले दो दिनों में मॉनसून के दस्तक देने की उम्मीद है। आईएमडी ने दिल्ली के कुछ इलाकों में बुधवार और गुरुवार को बारिश होने का पुर्वानुमान लगाया है।
Delhi: Rain lashes parts of the national capital; visuals from Akbar Road. India Meteorological Department (IMD) has predicted generally cloudy sky with moderate rain for today. pic.twitter.com/Kjc9T1jzqT
— ANI (@ANI) June 24, 2020
मौसम विभाग ने कहा कि मानसून के आगे बढ़ने की अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं और आने वाले 48 घंटे में उत्तर प्रदेश के बाकी बचे इलाकों, पश्चिमी हिमालय क्षेत्र, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब के अधिकतर हिस्सों, राजस्थान के कुछ हिस्सों में मानसून के पहुंचने की संभावना है। सामान्य तौर पर मॉनसून दिल्ली 27 जून को पहुंचता है।
मौसम विशेषज्ञों ने कहा कि समय से पहले मॉनसून के दिल्ली पहुंचने के लिए चक्रवाती प्रणाली को जिम्मेदार ठहराया जा सकता है जो दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर 19-20 जून को बना और मॉनसून के आगे बढ़ने में मदद की।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में आंशिक रूप से बादल छाए रहे और अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम 37 डिग्री दर्ज किया गया। दिल्ली में आर्द्रता का स्तर 63 से 86 प्रतिशत के बीच रहा है। अगले तीन दिन में दिल्ली में बारिश होने की संभावना है और अधिकतम तापमान 36 डिग्री के आसपास बना रहेगा।







