दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में आई तेजी थमने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में अबतक रिकॉर्ड 2414 नए मामले सामने आए हैं। दिल्ली सरकार की हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक, एक दिन में संक्रमण के सर्वाधिक केस आज ही सामने आए हैं। 2414 नए मामलों के साथ दिल्ली में कुल संक्रमितों की संख्या 47 हजार 102 हो गई है।

बीते 24 घंटे में दिल्ली में कोरोना से 67 लोगों की मौत हुई है। अबतक इस महामारी की चपेट में आकर मरने वालों की संख्या 1904 हो गई है। वहीं अभी तक इलाज के बाद 14 हजार 457 लोग स्वस्थ हुए हैं। दिल्ली में फिलहाल कोरोना के 27741 सक्रिय मामले हैं, जिनका उपचार चल रहा है।

दिल्ली में कोरोना जांच की कीमतें तय

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने दिल्ली में कोरोना टेस्ट की कीमतें तय कर दी हैं। अब राष्ट्रीय राजधानी में कोविड-19 टेस्टिंग के लिए 4500 की जगह मात्र 2400 रुपए लगेंगे। गृह मंत्रालय द्वारा गठित समिति के सुझावों के बाद यह फैसला लिया गया है। रविवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, एलजी अनिल बैजल और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन के साथ हुई बैठक के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया था। केंद्रीय गृह मंत्रालय के प्रवक्ता ने बुधवार शाम को कहा कि कमेटी के सुझावों के बाद दिल्ली में कोविड-19 जांच की कीमत 2,400 रुपए निर्धारित कर दी गई है।

गृह मंत्री अमित शाह ने इस बैठक में दिल्ली में कोरोना की जांच में तेजी लाने का निर्देश भी दिया था। अब दिल्ली में 18 जून से रैपिड एंटीजन मेथोडोलॉजी से कोरोना की जांच होगी। इसके लिए दिल्ली में 169 सेंटर बनाए गए हैं। प्रवक्ता ने कहा कि अमित शाह के आदेश के अनुसार दिल्ली के कंटेनमेंट जोन में कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग के लिए हेल्थ सर्वे की शुरुआत हो चुकी है।

सत्येंद्र जैन कोरोना संक्रमित

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। तेज बुखार और सांस लेने में परेशानी की शिकायत के बाद मंगलवार को उनको अस्पातल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने कोरोना टेस्ट किया, लेकिन उनकी रिपोर्ट नेगेटिव आई थी। इसके बाद बुधवार को दोबारा कोरोना टेस्टिंग हुई और अब उनमें कोविड-19 की पुष्टि हुई है। जैन फिलहाल राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती हैं।

आप विधायक आतिशी में कोविड-19 की पुष्टि

दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी की विधायक और राष्ट्रीय प्रवक्ता आतिशी मार्लेना भी कोरोना संक्रमित पाई गई हैं। बुधवार को कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्होंने खुद को होम क्वारंटाइन कर लिया है। मंगलवार को सर्दी-खांसी के साथ कोरोना जैसे लक्षण दिखने के बाद आतिशी ने अपना टेस्ट कराया था। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।





Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here