वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (COVID-19) राजधानी दिल्ली में रोज एक नया रिकॉर्ड बनाते हुए एक बार फिर रफ्तार पकड़ने लगी है। गुरुवार को एक दिन में कोविड-19 के अब तक के सर्वाधिक 5,700 से अधिक नए मामले सामने आने के बाद संक्रमण का कुल आंकड़ा 3.75 लाख के पार पहुंच गया है, जबकि मृतकों की संख्या भी बढ़कर 6,400 से अधिक हो गई है। इसके साथ ही एक्टिव केस भी बढ़कर 31 हजार होने के करीब हैं।
दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग की ओर से गुरुवार को जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, बीते 24 घंटे में जहां कोरोना के 5,739 नए मरीज मिले हैं, वहीं, 27 लोगों को अपनी जान भी गंवानी पड़ी है। स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि दिल्ली में संक्रमितों की कुल संख्या 3,75,753 हो गई है। आज दिल्ली में 4,138 मरीज पूरी तरह ठीक भी हो गए।
राजधानी में आज कोरोना वायरस संक्रमण के एक्टिव मामले बढ़कर 30,952 हो गए हैं। वहीं, अब तक कुल 3,38,378 मरीज इस महामारी को मात देकर पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं। इसके साथ ही अब तक मरने वालों की संख्या 6,423 हो गई है।
दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, आज दिल्ली में कुल 60,124 टेस्ट किए गए हैं। इनमें से 17,029 आरटीपीआर/ सीबीएनएएटी / ट्रूनैट टेस्ट और 43,095 रैपिड एंटीजन टेस्ट किए गए। दिल्ली में अब तक कुल 45,76,724 जांचें हुई हैं और प्रति 10 लाख लोगों पर 2,40,880 टेस्ट किए गए हैं। वहीं, यहां कंटेनमेंट जोन की संख्या बढ़कर 3113 पर पहुंच गई है।
क्या दिल्ली में उठ रही कोरोना की तीसरी लहर, जानिए सत्येंद्र जैन का जवाब
17,029 RTPCR/CBNAAT/True Nat tests and 43,095 rapid antigen tests conducted today. 45,76,724 tests conducted so far: Government of Delhi https://t.co/IhzWSYNwMy
— ANI (@ANI) October 29, 2020
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने गुरुवार को कहा कि सरकार ने COVID-19 की जांच के लिए टेस्टिंग रणनीति बदली है, अब परिवार के सदस्यों और COVID-19 पॉजिटिव मरीजों के करीबी संपर्कों का भी टेस्ट किया जा रहा है, इसलिए यहां कोरोना के मामलों में वृद्धि देखी जा रही है।
दिल्ली में बुधवार को पहली बार COVID-19 के अब तक के सबसे अधिक 5,673 नए मामले सामने आए थे और 40 लोगों की मौत हो गई थी। जैन ने कहा कि हमारे पास 10,000 से अधिक बेड हैं, जिनमे से 5,000 से अधिक बेड खाली हैं। त्योहारों और सर्दियों के मौसम के बाद हमने अपनी रणनीति बदल दी है, हम कोरोना पॉजिटिव मरीज के परिवार के सदस्यों और करीबी संपर्कों वाले सभी लोगों का टेस्ट कर रहे हैं, इसलिए मामलों की संख्या बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग और टेस्टिंग प्रक्रिया अब और मजबूत हो गई हैं। अब हम विशेष रूप से अधिक से अधिक लोगों का टेस्ट कर रहे हैं। हमारा उद्देश्य दिल्ली में कोरोना के हर मामले का पता लगाना है। हम जल्द ही परिणाम देखेंगे।
यह पूछे जाने पर कि क्या दिल्ली में कोविड -19 की तीसरी लहर शुरू हो गई है? जैन ने कहा कि हमें राजधानी में इस स्थिति का विश्लेषण करने के लिए कम से कम एक सप्ताह तक इंतजार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अभी यह कहना बहुत जल्दबाजी होगी कि तीसरी लहर शुरू हो गई है, लेकिन एक संभावना बन सकती है।







