राजधानी दिल्ली में कोरोना (COVID-19) के मामलों में कमी का दौर लगातार जारी है। शुक्रवार को दिल्ली में कोरोना के 295 नए मरीज मिलने के बाद यहां संक्रमितों की कुल संख्या 6.31 लाख से अधिक हो गई है। इसके साथ ही पॉजिटिविटी दर भी घटकर 0.44 फीसदी पर आ गई है। वहीं आज संक्रमण से 10 और लोगों की मौत होने से मृतकों संख्या भी बढ़कर 10,732 हो गई है। 

दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग की ओर से शुक्रवार को जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, बीते 24 घंटे में जहां कोरोना के 295 नए मरीज मिले हैं, वहीं, 10 मरीजों को अपनी जान भी गंवानी पड़ी है। स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि दिल्ली में संक्रमितों की कुल संख्या 6,31,884 हो गई है। 

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इससे पहले राजधानी दिल्ली में 26 अप्रैल को 293 मामले दर्ज किए गए थे। राजधानी में अब कोरोना वायरस संक्रमण के 2,795 एक्टिव केस बचे हैं, जबकि गुरुवार को यह आंकड़ा 2,937 था। 

दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, आज दिल्ली में कुल 66,921 टेस्ट किए गए हैं। इनमें से 38,990 आरटीपीआर/ सीबीएनएएटी / ट्रूनैट टेस्ट और 27,931 रैपिड एंटीजन टेस्ट किए गए। 

दिल्ली में 81 स्थानों पर कल कोविड-19 टीकाकरण की तैयारियां पूरी

दिल्ली में शनिवार को 81 स्थानों पर कोविड-19 टीकाकरण होगा। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस महामारी के खिलाफ लड़ाई में अग्रिम मोर्चे पर तैनात स्वास्थ्यकर्मियों को सबसे पहले टीका दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन की मौजूदगी में एक सादे समारोह में एलएनजेपी अस्पताल से टीकाकरण अभियान की शुरुआत की जाएगी।

81 स्थलों में केंद्र सरकार के छह अस्पताल- एम्स, सफदरजंग अस्पताल, आरएमएल अस्पताल, कलावती शरण बाल चिकित्सालय और दो ईएसआई अस्पताल शामिल हैं।

शेष 75 केंद्र दिल्ली के 11 जिलों में हैं जिनमें एलएनजेपी अस्पताल, जीटीबी अस्पताल, राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, डीडीयू अस्पताल के अलावा मैक्स अस्पताल, फोर्टिस अस्पताल, अपोलो अस्पताल और सर गंगाराम अस्पताल जैसे निजी चिकित्सा संस्थान भी शामिल हैं।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुरुवार को कहा था कि ऑक्सफोर्ड का कोविड-19 टीका कोविशील्ड 75 केंद्रों पर लगाया जाएगा, जबकि भारत बायोटेक की कोवैक्सीन शेष छह केंद्रों पर लगाई जाएगी।

केजरीवाल ने कहा है कि दिल्ली सरकार 16 जनवरी से टीकाकरण की शुरुआत करने के लिए पूरी तरह तैयार है और राजधानी में हर तय दिन को 8000 से अधिक स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार को अभी तक केंद्र से 2.74 लाख टीके की डोज मिली हैं जो 1.2 लाख स्वास्थ्यकर्मियों के लिए पर्याप्त हैं। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को दो डोज दी जाएंगी और केंद्र सरकार ने दस फीसदी डोज अधिक दी हैं ताकि टीके की शीशी के टूटने जैसी किसी दुर्घटना की स्थिति में इसका इस्तेमाल किया जा सके। दिल्ली में सप्ताह में चार दिन- सोमवार, मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को टीके लगाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि हर दिन एक स्थान पर सौ लोगों को टीका लगाया जाएगा और उम्मीद जताई कि दिल्ली एवं देश के लोगों को वायरस से जल्द मुक्ति मिलेगी। 

(न्यूज एजेंसी भाषा के इनपुट के साथ)



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here