दिल्ली में सोमवार को कोरोना वायरस के 648 मरीजों की पुष्टि हुई जो दो पिछले ढाई महीनों में सबसे कम है। वहीं 86 मरीजों की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी में संक्रमण दर एक फीसदी से नीचे आ गई है जो 19 मार्च के बाद पहली बार सबसे कम है।
यह शहर में लगातार दूसरी बार है जब एक दिन में 100 से कम लोगों की मौत दर्ज की गई है। स्वास्थ्य बुलेटिन के मुताबिक, दिल्ली में संक्रमण का इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 11,040 है। रविवार को दिल्ली में कोविड-19 के 946 मामले आए थे और 78 लोगों की मौत हुई थी तथा संक्रमण दर 1.25 फीसदी पर आ गई थी।
कोरोना केस के घटने के बाद से दिल्ली में अनलॉक का भी ऐलान कर दिया गया। लॉकडाउन के 41 दिन बाद दिल्ली अनलॉक हो रही है। अनलॉक-1 में सरकार ने सिर्फ निर्माण गतिविधियों और औद्योगिक इकाइयों को छूट दी है। वही औद्योगिक इकाइयां चलेंगी जो सरकार की ओर से मंजूरी क्षेत्र में चल रही होंगी। छूट के साथ ही सरकार ने कोविड संक्रमण को रोकने के लिए कई दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं, जिसका पालन अनिवार्य होगा। वहीं, बाजार, मॉल, मेट्रो अभी बंद रहेंगे। सात दिन बाद लॉकडाउन से राहत पर दोबारा विचार किया जाएगा।
वहीं, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में टीकाकरण को महत्वपूर्ण बताते हुए सोमवार को कहा कि रूस के कोविड—19 रोधी टीके स्पूतनिक वी की पहली खेप राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को जून में मिलने की संभावना है। उन्होंने कहा, ”टीके का निर्माण भारत में संभवत: अगस्त में शुरू हो जायेगा।” भारत के औषधि महानियंत्रक (डीसीजीआई) ने आपात स्थिति में कुछ शर्तों के साथ स्पूतनिक वी के उपयोग की अनुमति दे दी है। डॉ रेड्डीज लेबोरेटॅरीज इस दवा का भारत में आयात करेगी।







