दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को राजधानी में कोरोना वायरस संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए इस वीकेंड में कर्फ्यू लगाने और 30 अप्रैल तक मॉल, जिम तथा ऑडिटोरियम बंद रखे जाने की घोषणा की है। आधिकारिक आदेश के अनुसार, वीकेंड कर्फ्यू 16 अप्रैल (शुक्रवार) रात 10 बजे से शुरू होगा और 19 अप्रैल (सोमवार) सुबह 5 बजे समाप्त होगा। राजधानी में जिम, ऑडिटोरियम, मॉल, स्पा, मनोरंजन पार्क और सभा कक्ष 30 अप्रैल तक बंद रहेंगे। सिनेमाघरों में भी केवल 30 प्रतिशत लोगों को प्रवेश दिया जाएगा।
हालांकि, अधिकारियों ने कहा कि वीकेंड कर्फ्यू को बढ़ाने पर फैसला अगले सप्ताह कोविड-19 हालात की समीक्षा के बाद लिया जाएगा। दिल्ली में बुधवार को एक दिन में सर्वाधिक 17,282 नए मामले सामने आने के एक दिन बाद मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन संवाददाता सम्मेलन में कहा कि रेस्तरांओं के भीतर बैठकर खाना खाने की अनुमति नहीं होगी और सिनेमाघर में भी केवल 30 प्रतिशत दर्शक ही जा सकेंगे। मुख्यमंत्री ने उपराज्यापाल अनिल बैजल से मुलाकात के बाद ये घोषणाएं कीं।
ये भी पढ़ें : फिर सील होंगी नोएडा की सीमाएं? जानें क्या कदम उठाने जा रहा है प्रशासन
Additional prohibition/restriction on certain activities & weekend curfew (10 pm on Friday to 5 am on Monday) needs to be imposed in NCT of Delhi, except for essential activities/services, as an emergency measure for well being & safety of people#COVID19 pic.twitter.com/rsCHjIDpOp
— ANI (@ANI) April 15, 2021
केजरीवाल ने कहा कि वीकेंड कर्फ्यू के दौरान आवश्यक सेवाएं और विवाह समारोह प्रभावित नहीं होंगे और विवाह कार्यक्रमों में शामिल होने वालों को पास जारी किए जाएंगे। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने अपने आदेश में कहा कि वीकेंड कर्फ्यू के दौरान शादी में 50 और अंतिम संस्कार में 20 लोगों के शामिल होने की अनुमित होगी।
हवाई अड्डे, रेलवे स्टेशन और अंतरराज्यीय बस अड्डे जाने वाले लोगों को वैध टिकट दिखाकर आगे जाने की अनुमति होगी। हालांकि, टीका लगवाने जा रहे लोगों को कर्फ्यू पास के लिए आवेदन करना होगा। मीडिया कर्मियों को वीकेंड कर्फ्यू से छूट रहेगी। भोजन, किराने, फल और सब्जियों और दैनिक उत्पादों से जुड़े लोगों को भी आवाजाही के लिए कर्फ्यू पास दिखाना होगा।
ये भी पढ़ें : कोरोना के मामले बेतहाशा बढ़ने के बाद दिल्ली ने मुंबई को पछाड़ा
केजरीवाल ने कहा कि वीकेंड कर्फ्यू लागू करने का कारण यह है कि इन दिनों में लोग सैर-सपाटा और ऐसी अन्य गतिविधियों में शामिल होते हैं। बिना किसी खास परेशानी के इनके बगैर रहा जा सकता है। उन्होंने कहा कि कोरोना की चेन तोड़ने और लोगों को संक्रमण से बचाने के लिए वीकेंड कर्फ्यू लगाया जा रहा है। हम अस्पताल, रेलवे स्टेशन, हवाई अड्डों जैसी आवश्यक सेवाओं में शामिल लोगों और शादी करने वालों को असुविधा नहीं होने देंगे। हम उन्हें बिना देरी और आराम से आवाजाही करने देने के लिए पास जारी करेंगे। सरकार पहले ही 30 अप्रैल तक दिल्ली में रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू कर चुकी है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अस्पतालों में बेड्स की कमी नहीं है और कोविड मरीजों के लिए अब भी 5,000 बेड उपलब्ध हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि बड़े पैमाने पर बेड्स उपलब्ध कराने के लिए प्रयास जारी हैं।
केजरीवाल ने घोषणा की कि राजधानी में रेस्तरांओं को खाना घर पहुंचाने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही कहा कि एक क्षेत्र में प्रतिदिन केवल एक ही साप्ताहिक बाजार लगाने की अनुमति होगी तथा कार्यक्रम में शामिल होने की इजाजत पाने वालों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कदम भी उठाए जाएंगे। केजरीवाल ने कहा कि सरकार कोविड संबंधी व्यवहार जैसे मास्क पहनना, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन आदि को सख्ती से लागू करना सुनिश्चित करेगी क्योंकि कुछ लोग अब भी इसका पालन नहीं कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें : दिल्ली में युवाओं को अधिक संक्रमित कर रही कोविड की नई लहर, जानिए वजह







