एक दिन पहले दुनिया के सबसे अमीर होने का ताज हासिल करने वाले एलन मस्क के जीवन में एक ऐसा भी दौर था, जब उनकी कंपनी टेस्ला उम्मीद के हिसाब से प्रदर्शन नहीं कर रही थी और वो अपनी इस कंपनी को बेचना चाहते थे। अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस को पीछे छोड़ने के बाद मस्क का पहला रिएक्शन आया है। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर इंडेक्स (Bloomberg Billionaire Index) के अनुसार, SpaceX और टेस्ला के संस्थापक के पास अब कुल 195 अरब डॉलर की संपत्ति है।
यह भी पढ़ें: दुनिया के पांचवें नंबर के रईस एलन मस्क ने एक दिन में कराए चार कोविड-19 टेस्ट, दो पॉजिटिव-दो निगेटिव
एलन मस्क का ट्विटर पर ‘टेस्ला ओनर्स ऑफ सिलिकॉन वैली’ हैंडल से एक ट्वीट आया। इस ट्वीट में लिखा था, ‘एलन मस्क अब 190 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन चुके हैं।’ इस ट्वीट पर रिप्लाई करते हुए मस्क ने लिखा, ‘‘हाउ स्ट्रेंज’’। इसके बाद अगले ट्वीट में उन्होंने लिखा, ‘‘ठीक है, काम पर वापसी…’’
Well, back to work …
— Elon Musk (@elonmusk) January 7, 2021
साउथ अफ्रीका में जन्मे इंजीनियर एलन मस्क की संपत्ति न्यूयॉर्क के समय के मुताबिक सुबह 10:15 बजे 188.5 अरब डॉलर हो गई, जो बेजॉस की संपत्ति से 1.5 अरब डॉलर अधिक है। बेजॉस अक्टूबर 2017 से ही अमीरों की सूची में पहले स्थान पर काबिज थे। संपत्ति के मामले में ही नहीं स्पेसएक्स के सीईओ स्पेस टेक्नॉलजी भी बेजॉस के प्रतिद्वंद्वी हैं। बेजॉस ब्लू ऑरिजन एलएलसी के भी मालिक है।
दुनिया के लिए 2020 भले ही जैसा भी रहा हो, लेकिन एलन मस्क के लिए पिछले 12 महीने बेहद शानदार रहे हैं। पिछले एक साल में मस्क की संपत्ति 150 अरब डॉलर से अधिक बढ़ी, यह इतिहास में धन सृजन की संभवत: सबसे तेज गति है। इसमें टेस्ला का बहुत बड़ा योगदान है, जिसके शेयर पिछले एक साल में 743 फीसदी उछले हैं।
यदि बेजॉस का तलाक नहीं हुआ होता तो वह अभी भी मस्क से काफी आगे होते। तलाक के बाद उन्हें अपनी पूर्व पत्नी मैकेंजी स्कॉट संपत्ति का बड़ा हिस्सा दिया तो दिल खोलकर दान भी किया। उन्होंने पिछले साल नवंबर में 68 करोड़ डॉलर के शेयर दान किए हैं।







