देश में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या में रोजाना रिकॉर्ड उछाल आ रहा है। पिछले 24 घंटे में तकरीबन सात हजार नए कोरोना मरीज मिले हैं। इस तरह संख्या तकरीबन एक लाख 40 हजार के निकट पहुंच गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, भारत में अभी कोरोना वायरस के कुल मामले 138845 हो गए हैं। रविवार को यह संख्या 131868 थी। इस तरह एक दिन में 6977 मरीज मिले हैं। वहीं, मरने वालों की कुल संख्या 4021 हो गई है। अब तक 57721 लोग ठीक होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं।
महाराष्ट्र में कोरोना मरीजों की संख्या 50231 है, जिसमें से 14600 लोग ठीक हुए हैं। 1635 लोगों की मौत हुई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 13418 कोरोना मरीज मिल चुके हैं। अब तक 261 की मौत हुई है।
Highest ever spike of 6977 #COVID19 cases & 154 deaths in India in the last 24 hours. Total number of cases in the country now at 1,38,845 including 77103 active cases, 57720 cured/discharged and 4021 deaths: Ministry of Health and Family Welfare pic.twitter.com/J0RoSHyulC
— ANI (@ANI) May 25, 2020
गुजरात में 14056 कोरोना के पॉजिटिव केस हैं, जिसमें 6412 ठीक हुए हैं और 858 लोगों की मौत हुई है। तमिलनाडु में कोरोना मरीजों की संख्या 16277 हो गई है। इसमें से 111 की मौत हुई है। इसी तरह मध्य प्रदेश में अब तक 6665 लोग वायरस की चपेट में आ चुके हैं, जिसमें से 290 की मौत हुई है। उत्तर प्रदेश में कोरोना से संक्रमित होने वाले मरीजों की कुल संख्या 6268 है। यहां 161 मरीजों की मौत हुई है। बिहार की बात करें तो 2587 कोरोना के मरीज सामने आए हैं, जिसमें से 13 की मौत हुई है।
टॉप-10 देशों की सूची में भारत शामिल
भारत में कोरोना संक्रमण की रफ्तार अब डराने लगी है। दुनिया के सबसे ज्यादा कोरोना मरीजों वाले देशों की सूची में भारत दसवें स्थान पर पहुंच गया है। ईरान को पीछे करते हुए अब भारत में कुल कोरोना पॉजिटिव मामलों की संख्या 138845 हो गई है। वहां औसतन दो हजार से ज्यादा नए मामले रोजाना सामने आ रहे हैं। इतना ही नहीं, अगर मामले ऐसे ही बढ़े तो चार से पांच दिन में तुर्की को भी पछाड़कर भारत दुनिया में 11वें से नौवें स्थान पर पहुंच जाएगा। तुर्की में औसतन एक हजार नए केस इन दिनों सामने आ रहे हैं।







