देश में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के एक दिन में सामने आने वाले नए मामलों की संख्या चार महीने बाद 30,000 से नीचे रही। हालांकि, आज यानी बुधवार को आए कोरोना के नए मामलों की संख्या में थोड़ा इजाफा हुआ है। भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के करीब 38 हजार नए मामले आए हैं, जो मंगलवार के मुकाबले लगभग आठ हजार अधिक है। देश में कोरोना संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर अब 89.12 लाख पहुंच गई है। मंगलवार को 29163 नए मामले सामने आए थे, जबकि इससे पहले संक्रमण के एक दिन में सामने आए नए मामलों की संख्या 15 जुलाई को 30,000 से नीचे रही थी।
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 38617 नए मामले आए, जिससे कोरोना संक्रमण के मामलों की संख्या 89,12,908 पहुंच गई। वहीं, इस दौरान 474 लोगों की मौत से कुल मौतों का आंकड़ा 130993 हो गया है। देश में लगातार आठवें दिन उपचाराधीन संक्रमित लोगों की संख्या पांच लाख से नीचे रही। देश में कोरोना वायरस संक्रमण के उपचाराधीन मामले 4,46,805 है।
इसके अलावा, पिछले 24 घंटे में 44739 लोग डिस्चार्ज किए गए हैं। इस तरह से कोरोना वायरस से जंग जीतने वालों की संख्या 83,35,110 पहुंच गई है। बता दें कि कोविड-19 के लिए 17 नवंबर तक कुल 12,74,80,186 सैंपल्स का परीक्षण किया गया। इनमें से, 9,37,279 सैंपल्स का टेस्ट कल यानी मंगलवार को किया गया। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद ने ये जानकारी दी।
संक्रमण को मात देने वालों की संख्या ज्यादा
स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि पिछले दस दिनों से देश में कोविड-19 के रोजाना 50,000 से कम मामले आ रहे हैं। देश में अब तक 12.65 करोड़ नमूनों की जांच हो चुकी है। संक्रमण दर भी घटकर 7.01 प्रतिशत हो गई है। नए मामलों की तुलना में ज्यादा मरीज ठीक हो रहे हैं। पिछले 24 घंटे में 29,163 नए मामले आए और 40,791 मरीजों ने कोरोना को मात दी। मंत्रालय ने कहा कि पिछले 24 घंटे में संक्रमण से ठीक होने के 72.87 प्रतिशत मामले 10 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से आए। नए मामलों में 75.14 प्रतिशत 10 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से आए।







