हाइलाइट्स:
- कोरोना संक्रमित मरीज का सफल डबल लंग ट्रांसप्लांट
- देश में पहली बार, तेलंगाना के डॉक्टर्स ने रचा इतिहास
- बिगड़ा हाल तो मरीज को लगाए ब्रेन डेड मरीज के फेफड़े
हैदराबाद के एक अस्पताल में डॉक्टरों ने 32 साल के एक कोविड-19 रोगी पर देश का पहला डबल लंग ट्रांसप्लांट (Double Lung Transplant) सफलतापूर्वक करने का दावा किया है। रोगी सारकॉइडोसिस से पीड़ित था, जिसमें उसके फेफड़े खराब हो रहे थे।
कृष्णा इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (केआईएमएस) की एक विज्ञप्ति में बताया गया कि डॉक्टर संदीप अत्तावर के नेतृत्व में डॉक्टरों के एक दल ने चंडीगढ़ के रोगी की जटिल सर्जरी की। स्वस्थ होने के बाद रोगी को शुक्रवार को छुट्टी दे दी गई। विज्ञप्ति के अनुसार रोगी सारकॉइडोसिस से पीड़ित था, जिससे उसके फेफड़े खराब हो रहे थे।
उसकी हालत तेजी से बिगड़ रही थी और दोनों फेफड़े बदलना ही एकमात्र विकल्प बचा था। इसमें कहा गया कि रोगी के कोरोना वायरस संक्रमण होने से हालत और बिगड़ गई थी। उसे कोलकाता में मस्तिष्कीय रूप से मृत (ब्रेन डेड) एक व्यक्ति के फेफड़े लगाए गए हैं।







