कोरोना महामारी और लॉकडाउन के चलते लगे झटके से उबरने के लिए वाहन कंपनियों ने धमाकेदार वापसी की योजना बनाई है। कंपनियों ने आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए सितंबर में 6.6 लाख से 11 लाख रुपये कीमत वाली दमदार फीचर्स से लैस कई कॉम्पैक्ट एसयूवी उतारने जा रही हैं।
वाहन विशेषज्ञों का कहना है कि सोशल डिस्टेंसिंग के चलते नई गाड़ी खरीदने वालों की संख्या बीते दो महीने में तेजी से बढ़ी है। वहीं, इन दिनों भारतीय बाजार में फुल साइज एसयूवी के बजाय सब-4-मीटर कॉम्पैक्ट एसयूवी की मांग तेजी से बढ़ रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए वाहन निर्माता कंपनियां भी इन सेगमेंट में अपने वाहनों को लॉन्च कर रही हैं। इस त्योहारी सीजन में किया मोटर्स इंडिया, निसान और टोयोटा अपनी कॉम्पैक्ट एसयूवी लॉन्च करने जा रही है। किया अपनी कॉम्पैक्ट एसयूवी सोनेट को अगले माह लॉन्च करेगी। इस कार को तीन इंजन विकल्प 1.2-लीटर पेट्रोल, 1.0-लीटर टर्बो-जीडीआई पेट्रोल और 1.5-लीटर डीजल के साथ पेश किया गया है। इसकी कीमत 6.6 लाख रुपये से 13 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच में होने की उम्मीद है। इसी श्रेणी में निसान की कॉम्पैक्ट एसयूवी मैग्नाइट लॉन्च होगी। कंपनी 1.0-लीटर टर्बोचार्ज्ड, इनलाइन 3 पेट्रोल इंजन के साथ पेश करेगी। यह इंजन 100 पीएस की पावर और 160 एनएम का पीक टॉर्क जेनरेट करने में सक्षम होगा। तीसरी कॉम्पैक्ट एसयूवी टोयोटा किर्लोस्कर मोटर उतार रही है। टोयोटा अर्बन क्रूजर के नाम से पहला कॉम्पैक्ट एसयूवी उतारने जा रही है। अर्बन क्रूजर में 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन दिया जाएगा जो 105 पीएस की पीक पावर और 138 एनएम का अधिकतम टार्क पैदा करता है। कीमत की बात करें तो इस कार की कीमत 8 लाख रुपये से शुरू हो सकती है।
दोपहिया भी बाजार में आएगी
त्योहारी सीजन में बिक्री बढ़ने की उम्मीद से कई दोपहिया वाहन बनाने वाली कंपनी भी नए मॉडल लॉन्च कर रही हैं। हीरो, होंडा, बजाज, रॉयल एनफील्ड समेत कई कंपनियों नई बाइक उतारने जा रही है। होंडा के पास अभी एंट्री लेवल बाइक्स की कमी है। होंडा अपने सबसे किफायती मोटरसाइकिल सीडी 110 से कम कीमत की मोटरसाइकिल लाकर ग्रामीण इलाकों के बाजार पर पकड़ बनाने की कोशिश में है। रॉयल एनफील्ड की नई बाइक मेटोर 350 जल्दी ही भारत में लॉन्च हो सकती है।
जीएसटी घटाने से मदद मिलेगी
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने हाल ही में संकेत दिया था कि दोपहिया वाहन पर 28 फीसदी की जीएसटी दर में कमी की जा सकती है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि अगली जीएसटी परिषद की बैठक में दोपहिया पर जीएसटी की दर घटेगी। विशेषज्ञों का कहना है कि केंद्र सरकार द्वारा दोपहिया पर जीएसटी दर 28 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने से बाइक की कीमत 10,000 रुपये तक कम हो जाएगी। इससे दोपहिया वाहनों की बिक्री बढ़ाने में मदद मिलेगी।
दोहरे अंक बिक्री बढ़ने की उम्मीद
पिछले कुछ महीनों में बिक्री गिरने के बाद अगस्त में यात्री वाहन को तेजी की राह पर लौटने की उम्मीद है। नोमुरा रिसर्च एंड मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के विश्लेषकों का कहना है कि यात्री वाहन की बिक्री में दोदोहरे अंक बिक्री बढ़ने की उम्मीद है। दुपहिया वाहनों की बिक्री लगभग एक साल पहले के स्तर तक पहुंचने की उम्मीद है। ट्रैक्टरों को अपने मजबूती बनी रखने की उम्मीद है। यह तेजी त्योहारी सीजन में और बढ़ने का अनुमान है।
एंट्री लेवल गाड़ियों की सबसे अधिक मांग
सोशल डिस्टेंसिंग और सार्वजनिक परिवहन की सीमित उपलब्धता ने वाहनों की बिक्री बढ़ाने का काम किया। इसमें सबसे अधिक मांग एंट्री लेवल मॉडल गाड़ियों की है। इसकी बिक्री में करीब 40 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हीरो मोटोकॉर्प और मारुति सुजुकी के पास कम कीमत वाले उत्पादों (प्रवेश स्तर) की व्यापक उपस्थिति और बड़ी हिस्सेदारी है। इसलिए इन दोनों कंपनियों की बिक्री सबसे बढ़ने की उम्मीद है।
कल से बदल जाएंगे ये नियम, आम आदमी की जेब पर पड़ेगा सीधा असर







