महाराष्ट्र के अमरावती जिले की सांसद नवनीत रवि राणा ने शिवसेना नेता की ओर से धमकी दिए जाने की शिकायत पीएम नरेंद्र मोदी और होम मिनिस्टर अमित शाह से की है। नवनीत राणा ने पीएम नरेंद्र मोदी और अमित शाह को चिट्ठी लिखी है। सोमवार को नवनीत राणा ने लोकसभा में निलंबित पुलिस अफसर सचिन वाझे और महाराष्ट्र के सीएम अनिल देशमुख का मुद्दा उठाया था। नवनीत राणा ने सदन की कार्यवाही समाप्त होने के बाद आरोप लगाया था कि सदन में उनके करीब से गुजरते हुए शिवसेना सांसद अरविंद सावंत ने उन्हें धमकी दी थी।
राणा का कहना था कि अरविंद सावंत ने उन्हें देख लेने की धमकी दी थी और कहा था कि अब उनके खिलाफ केस दर्ज किए जाएंगे। नवनीत राणा ने पीएम मोदी और होम मिनिस्टर अमित शाह को लिखे पत्र में अरविंद सावंत की कथित धमकी का जिक्र करते हुए लिखा है, ‘अरविंद सावंत ने लोकसभा की लॉबी में मुझसे कहा कि तू महाराष्ट्र में कैसे घूमती है, मैं देखता हूं और तेरे को भी जेल में डालेंगे।’
सांसद का आरोप, चेहरे पर तेजाब डालने की भी मिली धमकी: यही नहीं नवनीत राणा ने दावा किया है कि शिवसेना के लेटर हेड पर, फोन पर कई बार उन्हें चेहरे पर तेजाब डालने की धमकी भी मिली है। नवनीत रवि राणा ने कहा कि यह मेरे साथ ही देश भर की महिलाओं का अपमान है। नवनीत राणा ने पीएम नरेंद्र मोदी और अमित शाह से शिवसेना सांसद अरविंद सावंत के खिलाफ सख्त पुलिस कार्रवाई किए जाने की मांग की है। इससे पहले सोमवार को नवनीत रवि राणा ने लोकसभा स्पीकर को भी पत्र लिखकर शिकायत दर्ज कराई थी।
Maharashtra’s Amravati MP Navneet Ravi Rana wrote to PM Narendra Modi & Home Minister Amit Shah yesterday alleging that Shiv Sena MP Arvind Sawant threatened her in Parliament premises after she raised Sachin Waze case in the House. pic.twitter.com/8VYQ1ok3jI
— ANI (@ANI) March 23, 2021
शिवसेना सांसद बोले, उनका तरीका अच्छा नहीं लगता: अरविंद सावंत ने नवनीत राणा के आरोपों को झूठ बताया है। उन्होंने कहा कि राणा ने सरासर झूठ बोला है। पहली बात यह राणा महिला हैं। वह मुझे आते-जाते भैया-दादा कहती हैं। एक महिला को धमकाने का काम शिवसैनिक नहीं करते हैं। उनके इर्द-गिर्द अगर लोग होंगे तो वो बताएंगे कि हमने धमकाया है क्या? सावंत ने कहा कि उनके बातचीत का जो तरीका है वह अच्छा नहीं लगता है, आप वीडियो देख सकते है। वो उद्धव ठाकरे का हमेशा नाम लेती हैं। घृणा वाला बयान देती हैं। आज भी वही रहा जब वह बात कर रही थीं।







