फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में हुए निकिता तोमर हत्याकांड के बाद हरियाणा की प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा गुरुवार को पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने उसके परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा कि निकिता की हत्या के आरोपी को सख्त सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि निकिता हत्याकांड शासन-प्रशासन की नाकामी का उदाहरण है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार का ‘बेटी पढ़ाओ और बेटी बचाओ’ का नारा खोखला है। मीडिया के सवाल पर कुमारी सैलजा ने कहा कि आरोपी का कांग्रेस से कोई कनेक्शन नहीं है। भाजपाई नेता केवल अपनी नाकामी छुपाने के लिए इस तरह के झूठा और मिथ्या प्रचार कर रहे हैं, जिससे कि इस जघन्य हत्याकांड को दबाया जा सके।
उन्होंने हत्यारोपियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने की मांग करते हुए कहा कि इस हत्याकांड में इस तरह का प्रावधान हो कि हत्यारोपियों को जल्द से जल्द ऐसी सजा मिले, जिससे कि देश में एक मिसाल बन सके और भविष्य में इस तरह के अपराध करने से पहले अपराधी सौ बार सोचें।
सैलजा ने सरकार से पीड़िता के भाई को सरकारी नौकरी और परिवार को आर्थिक मदद दिए जाने की भी मांग उठाई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस जघन्य अपराध की कड़ी निंदा करती है और हर तरह से पीड़ित परिवार के साथ है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर लड़ाई लड़ेंगी।
फरीदाबाद पुलिस ने निकिता के परिवार को दिए गनर, 24 घंटे करेंगे सुरक्षा
कौन कह रहा है और क्या कनेक्शन है और किस कांग्रेसी ने उसे बचाने की कोशिश की मुझे बता दीजिए। बजाय क्राइम पर सख़्ती करने के आप (BJP-JJP) उंगलियां कहां उठा रहे हैं, तो फिर आपका शासन क्या कर रहा है यहां: आरोपियों के कांग्रेस कनेक्शन के सवाल पर हरियाणा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष #बल्लभगढ़ pic.twitter.com/oGG0RmUYad
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 29, 2020
निकिता के पिता ने बताई, 2018 में तौसिफ के खिलाफ केस वापस लेने की वजह
रसूखदार परिवार से संबंध रखता है तौसिफ
मुख्य आरोपी तौसिफ राजनीतिक रसूखदार परिवार से संबंध रखता है। तौसिफ के दादा कबीर अहमद विधायक रह चुके हैं, जबकि चाचा खुर्शीद अहमद हरियाणा के पूर्व मंत्री रहे हैं। वहीं, एक अन्य रिश्तेदार (रिश्ते में भाई) आफताब अहमद वर्तमान में कांग्रेस के नूंह (मेवात) से विधायक हैं। 21 वर्षीय तौसिफ फिजियो थेरेपिस्ट का कोर्स कर रहा है जोकि थर्ड ईयर में है।
बता दें कि, पुलिस ने इस मामले में इस हत्याकांड में एक और आरोपी सहित अब तक कुल तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। तीसरे आरोपी अजरुद्दीन को बुधवार रात नूंह से गिरफ्तार किया गया था। अजरुद्दीन ने ही इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी तौसिफ को हथियार मुहैया कराए थे। पुलिस ने मुख्य आरोपी तौसीफ की दो दिन की रिमांड पूरी होने पर गुरुवार को अदालत में पेश किया था, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। वहीं, अजरुद्दीन को भी अदालत में पेश किया गया और उसे भी जेल भेज दिया गया। तौसिफ के साथी रेहान की रिमांड शुक्रवार को पूरी होगी और उसे कल अदालत में पेश किया जाएगा।
कॉलेज ने लौटते वक्त हुई थी हत्या
गौरतलब है कि हरियाणा के फरीदाबाद में सोमवार को दिनदहाड़े कार सवार दो बदमाशों ने मिल्क प्लांट रोड पर अग्रवाल कॉलेज से परीक्षा देकर घर लौट रही बी.कॉम फाइनल ईयर की छात्रा निकिता तोमर (20 वर्षीय) की गोली मारकर हत्या कर दी थी। लहूलुहान हालत में छात्रा को पास के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या के बाद आरोपी भागने में सफल रहे। हत्या की यह वारदात घटनास्थल के पास लगे एक सीसीटीवी में कैद हो गई। घटना का वीडियो खूब वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो के अनुसार, दो लड़के छात्रा को जबरन कार में खींचने की कोशिश करते दिख रहे हैं, लेकिन जब वह कामयाब नहीं हो पाए तो उन्होंने रिवॉल्वर निकालकर छात्रा को गोली मार दी।







