देश में कोरोना की धीमी पड़ती रफ्तार और वैक्सीनेसन प्रोग्राम में आई तेजी का असर अब हमें औद्योगिक क्षेत्र में भी दिखाई देने लगा है। जुलाई में देश के बुनियादी क्षेत्र के आठ उद्योगों का उत्पादन जुलाई में 9.4 प्रतिशत बढ़ा है। ताजा आंकड़े मिनिस्ट्री ऑफ काॅमर्स की तरफ से जारी किए गए हैं। जोकि पटरी पर लौटती अर्थव्यवस्था की ओर इशारा करते हैं। बता दें, पिछले साल इसी महीने में बुनियादी क्षेत्र में 7.6 प्रतिशत की गिरावट देखी गई थी।
जून, 2021 में बुनियादी उद्योगों का उत्पादन 9.3 प्रतिशत बढ़ा था। चालू वित्त वर्ष के पहले चार माह अप्रैल-जुलाई में बुनियादी उद्योगों का उत्पादन पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि की तुलना में 21.2 प्रतिशत बढ़ा है।
आठ बुनियादी क्षेत्र में कोर सेक्टर में 18.7 प्रतिशत, प्राकृतिक गैस के उत्पादन में 18.7 प्रतिशत, पेट्रोलियम रिफाइनरी प्रोडक्शन में 6.7 प्रतिशत की तेजी देखी गई। वहीं, फर्टिलाइजर सेक्टर में 0.5 की मामूली बढ़त रही। जहां स्टील प्रोडक्शन 9.3 प्रतिशत और सीमेंट प्रोडक्शन में 21.8 ग्रोथ देखी गई। वहीं, दूसरी ओर क्रूड ऑयल में 3.2 प्रतिशत की गिरावट रही। बिजली उत्पादन में भी 9 प्रतिशत की ग्रोथ देखी गई है।
क्या कहा है मंत्रालय ने
ताजा आंकड़ों को जारी करते हुए मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, ‘जुलाई में आठों बुनियादी क्षेत्र का संयुक्त सूचकांक 134 पर रहा, जो जुलाई 2020 की तुलना में 9.4 प्रतिशत (प्रोविजनल) बढ़ गया। पिछले साल इसी समय की तुलना में कोयला, सीमेंट, बिजली, रिफाइनरी उत्पाद, फर्टिलाइजर, नेचुरल गैस और स्टील उद्योग के क्षेत्र में वृद्धि देखी गई।’







