गुजरात के मुन्द्रा पोर्ट (Mundra Port) पर हेरोइन की बडी खेप पकड़े जाने के अब आडानी समूह (Adani Group) ने बड़ा फैसला किया है। समूह की तरफ से सोमवार को जारी किए गये एक बयान में कहा गया है कि अब पाकिस्तान, अफगानिस्तान और ईरान से इम्पोर्ट और एक्सपोर्ट होने वाले कार्गो को अडानी ग्रुप हैंडल नहीं करेगा। कंपनी का यह फैसला 15 नवंबर से लागू होगा।
कंपनी ने बयान में कहा है, ‘अपने सभी टर्मिनल पर 15 नवंबर से अडानी पोर्ट्स और सेज ईरान, पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आने वाले कंटेनर को हैंडल नहीं करेगा।’ बता दें, गुजरात के कच्छ के मुंद्रा पोर्ट पर हेरोइन की बड़ी खेप पकड़ी गई थी। अनुमान के मुताबिक राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की ओर से पकड़े गए ड्रग्स की कीमत करीब 21 हजार करोड़ रुपये है। पोर्ट पर दो कंटेनर्स में लगभग 3000 किलो हेरोइन बरामद की गई थी। इसके साथ-साथ दो लोगों को गिरफ्तार भी किया गया था।
यह भी पढ़ेंः 5 रुपये के इस शेयर का बड़ा कमाल, 1 लाख रुपये पर 8 लाख से ज्यादा का फायदा
सरकारी एजेंसी ने अपने बयान में कहा था कि हेरोइन को टैल्क ले जाने दो कंटेनरों में रखा गया था। तब डीआरआई ने बताया था कि एक कंटेनर में लगभग 2,000 किलोग्राम (4,409 पाउंड) हेरोइन और दूसरे में लगभग 1,000 किलोग्राम की खेप अफगानिस्तान से आई थी और इसे ईरान के एक बंदरगाह से गुजरात भेज दिया गया था।







