टी-20 विश्वकप के इतिहास में पहली बार भारत को पाकिस्तान से हार का सामना करना पड़ा। इससे देश में जहां गम का माहौल है तो वहीं जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों में पाकिस्तान की जीत की खुशी में आतिशाबाजी करते कुछ लोगों को पकड़े जाने की खबर भी मिली है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने 6 लोगों को हिरासत में लिया है। अब जम्मू-कश्मीर की पूर्व सीएम महबूबा मुफ्ती पाकिस्तान की जीत का जश्न मनाने वालों के समर्थन में उतरीं हैं और आक्रोशित लोगों को विराट कोहली से सीख लेने की सलाह दी है।
महबूबा मुफ्ती ने ट्वीट किया, ‘पाकिस्तान की जीत का जश्न मनाने वाले कश्मीरियों के खिलाफ इतना गुस्सा क्यों? कुछ लोग तो ऐसे नारे भी लगा रहे हैं- देश के गद्दारों को, गोली मारो…कोई यह नहीं भूल सकता कि जम्मू-कश्मीर से विशेष राज्य का दर्जा छिनने के बाद मिठाइयां बांटकर कितने लोगों ने जश्न मनाया था। विराट कोहली की तरह इसे सही भावना से लें, जिन्होंने सबसे पहले पाकिस्तानी टीम को बधाई दी।’ महबूबा ने ट्वीट के साथ विराट कोहली की वह तस्वीर भी शेयर की, जिसमें वह पाकिस्तानी बल्लेबाज रिज़वान से बात करते दिख रहे हैं।
Why such anger against Kashmiris for celebrating Pak’s win? Some are even chanting murderous slogans- desh ke gadaaron ko goli maaro/calling to shoot traitors. One hasnt forgotten how many celebrated by distributing sweets when J&K was dismembered & stripped of special status pic.twitter.com/dCKQtj5Uu7
— Mehbooba Mufti (@MehboobaMufti) October 25, 2021
बता दें कि रविवार को दुबई में भारत-पाकिस्तान के बीच हुए टी-20 विश्वकप मैच में इंडियन क्रिकेट टीम को हार का सामना करना पड़ा था। साल 2007 से लेकर 2016 तक भारत कभी भी पाकिस्तान से वर्ल्ड कप के मुकाबलों में नहीं हारा है। पाकिस्तान वर्ल्ड कप के इतिहास में पहली बार भारत से जीता है।
भारत की हार के बाद पाकिस्तान में भी जगह-जगह हवाई फायरिंग की खबरें सामने आई हैं। अकेले कराची में ही कई जगहों पर फायरिंग से 12 लोगों को गोली लगी, जिनमें से एक सब-इंस्पेक्टर भी है।
इससे पहले रविवार को महबूबा मुफ्ती ने कश्मीर को एक खुली जेल बताया था। महबूबा ने कुछ तस्वीरें पोस्ट करते हुए कहा कि इतने कड़े और दमनकारी कदमों को उठाने जैसे सामूहिक तौर पर गिरफ्तारियां, अपनी मर्जी से इंटरनेट को बंद कर देना, लोगों की तलाशी(बच्चों को भी नहीं बख्शना), मोटरसाइकिलों और दुपहिया वाहनों को जब्त करना और हर जगह नए सुरक्षा बंकरों को बनाना- अब और क्या किया जाना बाकी है।







