देशभर में विकराल रूप धारण कर रही कोरोना महामरी के दौरान गंभीर होते ऑक्सीजन संकट ने अब मरीजों और डॉक्टरों के लिए नई मुश्किलें पैदा कर दी हैं। हालत बिगड़ने पर अस्पतालों की ओर भाग रहे मरीजों को ऑक्सीजन और बेड्स की कमी का हवाला देकर लौटाया जा रहा है। ऐसे हालात दिल्ली-एनसीआर के अधिकतर अस्पतालों में देखे जा सकते हैं।
दिल्ली के रहने वाले एक बुजुर्ग जसपाल का पूरा परिवार कोरोना संक्रमित है। तबीयत अधिक बिगड़ने पर उनके बेटे का ड्राइवर आज जसपाल को एम्स लेकर आया, जहां उनकी सांस उखड़ रही थी, लेकिन वहां डॉक्टर ने उन्हें एडमिट करने से मना करते हुए वापस लौटा दिया। ड्राइवर बुजुर्ग के कागज दिखाकर डॉक्टर से मिन्नतें करता रहा, पर कोई फायदा नहीं हुआ।
#Delhi : जसपाल का पूरा परिवार कोरोना संक्रमित है। उनके बेटे का ड्राइवर आज उन्हें एम्स लेकर आया, उनकी सांस उखड़ रही थी। डॉक्टर ने कहा कि हमारे पास बेड नहीं है, एक ही ऑक्सीजन को ही टुकड़ों-टुकडों में कई मरीजों को लगाया है। आप अपने मरीज को कहीं और ले जाइए। pic.twitter.com/fhhTbuN0at
— Hindustan (@Live_Hindustan) April 24, 2021
डॉक्टर ने कहा कि कि हमें सभी का इलाज करना है, लेकिन हमारे पास बेड नहीं है, एक ही ऑक्सीजन को टुकड़ों-टुकडों में करके कई मरीजों को लगाया गया है, तब भी हमारे पास बेड नहीं हैं। आप अपने मरीज सफदरजंग, राम मनोहर लोहिया या किसी और अस्पताल में ले जाइए।







