दिल्ली-एनसीआर में तेजी से बढ़ते कोरोना वायरस महामारी के संक्रमण को देखते हुए गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन एक बार फिर अपनी सीमाओं पर सख्ती बढ़ाने जा रहा है। हालांकि, अभी बॉर्डर सील किए जाने के बारे में कोई फैसला नहीं लिया गया है, लेकिन पड़ोसी राज्यों और जिलों से आने वालों की टेस्टिंग कराई जाएगी। इसके साथ ही जिले में नाइट कर्फ्यू का समय बढ़ाकर रात 8 बजे से सुबह 7 बजे तक कर दिया गया है। 

गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने गुरुवार को कहा कि बॉर्डर इलाकों में कोविड-19 टेस्टिंग कराई जाएगी। दिल्ली से आने वालों की भी रैंडम टेस्टिंग कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि हमारे पास काफी मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध है। वैक्सीन की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ हम सख्त कार्रवाई करेंगे और रेमडेसिविर वैक्सीन की सप्लाई भी बढ़ेगी। 

डीएम ने कहा कि मेरा सभी लोगों से निवेदन है कि जब भी आप अपने घरों से बाहर निकलें तो फेस मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग जैसे कोविड दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करें।

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से गुरुवार को जारी आदेश के अनुसार लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर नगर, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, मेरठ, गोरखपुर सहित 2000 से अधिक एक्टिव केस वाले सभी 10 जिलों में तत्काल प्रभाव से रात 8 बजे से सुबह 7 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू रहेगा।

कासना और दनकौर की मार्केट 24 घंटों के लिए बंद

वहीं, जिले में तेजी से बढ़ते मामलों के बीच कोरोना की चेन को तोड़ने के लिए कासना और दनकौर की मार्केट 24 घंटों के लिए बंद कर दी गई हैं। अगले 24 घंटो में इन मार्केटों को सैनिटाइजेशन किया जाएगा। एसडीएम प्रसून द्विवेदी ने गुरुवार को इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।

ये भी पढ़ें : दिल्ली में लगा वीकेंड कर्फ्यू,शुक्रवार रात से सोमवार सुबह तक होगा लागू

गौतमबुद्ध नगर जिले में बुधवार को कोविड-19 के अब तक एक दिन में सर्वाधिक 483 मामले सामने आए जिसके बाद जिले में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 28,439 हो गई है। उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी 24 घंटे के आंकड़ों के अनुसार नोएडा में कोविड-19 का इलाज करा रहे रोगियों की संख्या भी बढ़कर 2,027 हो गई है। आंकड़ों के अनुसार इस अवधि में 57 और संक्रमितों को अस्पतालों से छुट्टी दी गई। जिले में अब तक 26,315 संक्रमणमुक्त हुए हैं। गौतमबुद्ध नगर में 97 मरीजों की जान गई। 

कोविड-19 नियमों के उल्लंघन  पर 2,551 लोगों का चालान

गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने कोविड-19 के नियमों का उल्लंघन करने तथा बिना मास्क के सार्वजनिक स्थानों पर घूमने वाले 2,551 व्यक्तियों का बुधवार को चालान किया। पुलिस ने इनसे 2,55,100 रुपये का जुर्माना वसूला है। पुलिस ने बताया कि आज 1,631 वाहनों का चालान करते हुए कुल 70,500 रुपये शमन शुल्क वसूला गया है। उन्होंने बताया कि छह वाहनों को जब्त किया गया है। पुलिस ने बताया कि 30 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 188 भादंवि के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए कुल 10 अभियोग पंजीकृत किए गए। उन्होंने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर बिना मास्क पहने घूम रहे 2,551 लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनसे 2,55,100 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

बता दें कि, राजधानी दिल्ली में कोरोना महामारी को काबू करने के लिए आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने गुरुवार को एक बड़ा कदम उठाते हुए शुक्रवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह छह बजे तक वीकेंड कर्फ्यू लगा दिया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वीकेंड में होने वाली सोशल गैदरिंग और कोरोना की चेन तोड़ने के लिए यहां वीकेंड कर्फ्यू लगाया जा रहा है। केजरीवाल ने कहा कि ये पाबंदी आप लोगों की सुरक्षा के लिए हैं। आवश्यक सेवाएं पहले की तरह ही जारी रहेंगी। आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों और शादियों के लिए लोगों को कर्फ्यू पास जारी किए जाएंगे। 





Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here