फ्रांस में पैगंबर मोहम्मद के विवादित कार्टून के बाद हुए आतंकी हमलों को लेकर मशहूर शायर मुनव्वर राणा ने बयान दिया है। उन्होंने अपनी विवादित प्रतिक्रिया में कहा है कि अगर कोई उनके माता-पिता या भगवान का गंदा कार्टून बनाता है, तब वे भी उसकी हत्या कर देंगे।
एक निजी चैनल से बात करते हुए मशहूर शायर मुनव्वर राणा ने कहा, ”कोई हमारे माता-पिता या फिर भगवान का गंदा, आपत्तिजनक कार्टून बनाता है तो हम उसे मार देंगे।” उन्होंने कहा कि जब देश में हजारों साल से ऑनर किलिंग को जायज मान लिया जाता है और कोई सजा नहीं होती है तो फिर आप उसे नाजायज कैसे कह सकते हैं। पूरी दुनिया में यही हो रहा है।
मशहूर शायर ने कहा कि जिसने भी पैगंबर मोहम्मद का कार्टून बनाया, उसने ऐसा करके गलत किया। वहीं, दूसरे ने उसकी हत्या कर दी, वह भी गलत है। मुनव्वर राणा ने कहा कि पूरी दुनिया इस समय चीख रही है। लेकिन उसे याद नहीं आ रहा कि जब फ्रांस, अमेरिका जैसे देश इराक, अफगानिस्तान पर हमला करते थे तो कितने लोगों की मौतें हुईं।
उन्होंने कहा कि किसी की भी जान लेना ठीक नहीं है। यहां तक कि किसी परिंदे की भी जान लेना सही नहीं है। आप गॉड का कार्टून बनाइए, लेकिन ऐसा नहीं करते हैं। वे मुसलमानों को चिढ़ाने के लिए पैगंबर मोहम्मद का कार्टून बनाते हैं। किसी भी धर्म के देवी-देवताओं का अगर कार्टून बनाया जाता है तो मुझे भी बुरा लगेगा क्योंकि मैं भी इंसान हूं और हिंदुस्तानी हूं।
फ्रांस के खिलाफ कई देशों में विरोध प्रदर्शन
फ्रांस में पैगंबर मोहम्मद के विवादित कार्टून के बाद उपजे हंगामे के बीच कई देशों में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। पाकिस्तान, बांग्लादेश, तुर्की, भारत समेत कई देशों में फ्रांस के खिलाफ लोग सड़कों पर उतरे। भारत में शुक्रवार को भोपाल में लोगों ने फ्रांस का विरोध करते हुए विरोध जताया था। हालांकि, इसके बाद शिवराज सरकार ने विरोध करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज करने का आदेश दिया था। इसके अलावा, मुंबई में भी कई लोगों ने फ्रांस के खिलाफ विरोध जताया था।







