अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अपने संस्मरण ‘ए प्रॉमिस्ड लैंड’ में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का जिक्र किया है। ओबामा का कहना है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी में एक ऐसे ‘घबराए’ हुए और अनगढ़ छात्र के गुण हैं जो अपने शिक्षक को प्रभावित करने की चाहत रखता है लेकिन उसमें ‘विषय’ में महारत हासिल करने की योग्यता और जूनून की कमी है। ओबामा की इस को लेकर कांग्रेस में खलबली मच गई है और साथ ही बयानबाजी भी शुरू हो गई है। कांग्रेस के तारिक अनवर ने कहा है कि- बराक ओबामा और राहुल गांधी की तब मुलाकात हुई थी जब ओबामा अमेरिकी राष्ट्रपति के रूप में यहां आए थे। ये शायद 8-10 साल पहले की बात होगी। कुछ बैठकों में किसी का आकलन करना कठिन है। राहुल गांधी के व्यक्तित्व में तब से बदलाव आया है, उन्होंने बहुत अनुभव प्राप्त किया है।
वहीं कांग्रेस के मनीकम टैगोर ने कहा कि- मैंने बराक ओबामा को अनफॉलो करने का फैसला किया है।इसका कारण है कि भारतीय राजनीतिक नेताओं और उनके खिलाफ शब्दों के बारे में उनके निर्णय को किसी भी सच्चे भारतीय द्वारा स्वीकार्य नहीं किया जा सकता। क्या आप भी उन्हें भी अनफॉलो करेंगे? #बराक ओबामा
इधर, ओबामा की किताब में राहुल गांधी का इस तहर से जिक्र करना भारतीय सोशल मीडिया यूजर्स को रास नहीं आया। उन्होंने ट्विटर पर ओबामा के खिलाफ कैंपेन चला दिया है, जो #माफ़ी_माँग_ओबामा हैशटैग से ट्रेंड कर रहा है। एक यूजर ने लिखा कि जिस तरह से ओबामा ने राहुल गांधी के लिए भाषा का इस्तेमाल किया है, उसकी हम निंदा करते हैं।
न्यूयॉर्क टाइम्स ने ओबामा के संस्मरण ‘ए प्रॉमिस्ड लैंड’ की समीक्षा की है। इसमें पूर्व राष्ट्रपति ने दुनियाभर के राजनीतिक नेताओं के अलावा अन्य विषयों पर भी बात की है। समीक्षा में कहा गया है, ‘हमें चार्ली क्रिस्ट और रहम एमैनुएल जैसे पुरुषों के हैंडसम होने के बारे में बताया जाता है लेकिन महिलाओं के सौंदर्य के बारे में नहीं। सिर्फ एक या दो उदाहरण ही अपवाद हैं जैसे सोनिया गांधी।’ समीक्षा में कहा गया है कि अमेरिका के पूर्व रक्षा मंत्री बॉब गेट्स और भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह दोनों में बिलकुल भावशून्य सच्चाई/ईमानदारी है।
इसमें कहा गया है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ओबामा को शिकागो मशीन चलाने वाले मजबूत, चालाक बॉस की याद दिलाते हैं। पुतिन के बारे में ओबामा लिखते हैं, ‘शारीरीक’ रूप से वह साधारण हैं। ओबामा का 768 पन्नों का यह संस्मरण 17 नवंबर को बाजार में आने वाला है। अमेरिका के पहले अफ्रीकी-अमेरिकी राष्ट्रपति ओबामा ने अपने कार्यकाल में दो बार 2010 और 2015 में भारत की यात्रा की थी।







