आईफोन्स (iPhones) के मुश्किल से मुश्किल स्थितियों में चलते रहने की खबरें आती रही हैं। पिछले दिनों खबर आई थी कि एक iPhone करीब छह महीने बाद झील की सतह से मिला और जब उसे चार्ज करने के बाद ऑन किया गया तो वह बिलकुल ठीक काम कर रहा था। iPhone से जुड़ी एक ऐसी ही खबर कनाडा से आई है। दरअसल, एक महिला का iPhone 11 Pro स्मार्टफोन बर्फीली झील में गिर गया था और जब यह फोन 30 दिन बाद उन्हें मिला तो यह वर्किंग कंडीशन में था।
फोन मिलने की नहीं थी कोई उम्मीद
CTV न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, एंजी कैरियर नाम की एक महिला अपना 50वां बर्थडे सेलब्रेट करने के लिए वासकीजिओ लेक में एक आइस फिशिंग स्पॉट पर गई थीं। वहां, अचानक उनका iPhone 11 Pro स्मार्टफोन बर्फीली झील में गिर गया। फोन के झील में गिरने से ठीक पहले वह अपनी बेटी को बता रहीं थीं कि उसे अपना फोन सेफ रखना चाहिए कहीं यह गिर न जाए। iPhone 11 Pro के झील में गिरने के बाद उन्हें इसके मिलने की उम्मीद जाती रही। हालांकि, वह चाहती थीं कि अगर यह फोन मिल जाए तो वह इसे कम से कम ऐपल से रिप्लेस करवाने की कोशिश करें।
यह भी पढ़ें- 64MP कैमरे वाला 5G स्मार्टफोन iQoo Z3 लॉन्च, जानें कीमत और खासियत
चार्ज करने के बाद पहले की तरह चलने लगा फोन
iPhone 11 Pro को झील में गिरे हुए 30 दिन बीत चुके थे। एंजी कैरियर ने उसे तलाशने की ठानी। वह फिशिंग हुक और मैग्नेट को साथ लेकर वासकीजिओ लेक पहुंच गईं। करीब 2 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आखिर उन्होंने अपने फोन का पता लगा लिया। झील से iPhone 11 Pro निकालने के बाद जब उसे उन्होंने घर पर चार्ज करके ऑन किया तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। ऐपल का iPhone 11 Pro बिलकुल पहले की तरह काम कर रहा था। उन्होंने बताया कि इस फोन में सबसे अहम चीज ट्रिप पर ली गईं फोटोज थीं, जो कि पूरी तरह सेफ हैं।
यह भी पढ़ें- आ रहा सैमसंग का सस्ता स्मार्टफोन, 10 हजार से कम होगी कीमत
iPhone 11 Pro को IP68 वाटर एंड डस्ट रेजिस्टेंट सर्टिफिकेशन मिला हुआ है, ऐसे में यह आसानी से करीब 30 मिनट तक 2 मीटर तक गहरे पानी में सेफ रह सकता है। हालांकि, एंजी के मामले में यह मियाद 30 दिन की थी।







